
भारत के ख़िलाफ़ पाकिस्तान के यू-टर्न के पीछे बांग्लादेश का क्या रोल रहा?
BBC
पहले बांग्लादेश ने भारत के साथ मैच खेलने से इनकार करने पर पाकिस्तान का शुक्रिया अदा किया था. फिर उसने पाकिस्तान से ये फै़सला बदलने का अनुरोध क्यों किया?
एक फ़रवरी को पाकिस्तान ने एलान किया था कि उसकी क्रिकेट टीम टी-20 वर्ल्ड कप में 15 फ़रवरी को भारत के ख़िलाफ़ होने वाले मैच का बहिष्कार करेगी.
भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 7 फ़रवरी से आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप शुरू हो चुका है.
तब पाकिस्तान सरकार ने एक्स पर लिखा है, "इस्लामी गणराज्य पाकिस्तान की सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने की मंज़ूरी दे दी है. हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फ़रवरी 2026 को भारत के ख़िलाफ़ निर्धारित मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी."
पाकिस्तान ने बांग्लादेश के साथ 'एकजुटता' का हवाला देते हुए ये फ़ैसला किया था.
तब बांग्लादेश ने भी पाकिस्तान को उसके पक्ष में खड़ा होने के लिए शुक्रिया कहा था.
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ़ नज़रुल ने गुरुवार, 5 फ़रवरी को पाकिस्तान को धन्यवाद दिया.
आसिफ़ नज़रुल ने अपने फ़ेसबुक पर एक पोस्ट में पाकिस्तान का आभार जताया.













