
पीयूष गोयल, फडणवीस, थरूर से कंगना और अरमान मलिक तक... abp न्यूज़ के आइडिया ऑफ इंडिया के मंच पर होंगे ये सितारे
ABP News
Ideas of India Summit 2026: भारत-पाकिस्तान संबंधों पर पूर्व रॉ प्रमुख ए.एस. दुलत और पूर्व आईएसआई प्रमुख असद दुर्रानी के बीच चर्चा खास आकर्षण होगी. शाहरुख खान भी होंगे कार्यक्रम का हिस्सा.
मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में 27 और 28 फरवरी 2026 को होने जा रहा ‘Ideas of India 2026’ इस बार सचमुच सितारों से सजा नजर आएगा. राजनीति, सिनेमा, खेल, कूटनीति, कारोबार और आध्यात्म से जुड़े दिग्गज एक ही मंच पर देश और दुनिया के अहम मुद्दों पर चर्चा करेंगे. दो दिनों तक चलने वाले इस भव्य आयोजन में वैश्विक चिंतकों से लेकर बॉलीवुड के सुपरस्टार तक अपनी बात रखेंगे, जिससे यह मंच विचार और ग्लैमर का अनूठा संगम बनेगा.
उद्घाटन सत्र- दीप प्रज्वलन से वैश्विक विमर्श तककार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से होगी. इसके बाद एबीपी नेटवर्क के मुख्य संपादक अतिदेब सरकार स्वागत भाषण देंगे. पहले ही दिन अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर बड़े नाम मंच साझा करेंगे. अमेरिका-भारत संबंधों पर शिकागो विश्वविद्यालय के प्रोफेसर जॉन मियरशाइमर और चीन के नजरिये पर त्सिंगहुआ विश्वविद्यालय के यान शुएतोंग अपनी बात रखेंगे. वैश्विक नेतृत्व और बदलते विश्व व्यवस्था पर भी विशेष सत्र आयोजित होंगे.
कूटनीति और रणनीति: पड़ोसी देशों से नए विश्व क्रम तक‘Neighbours on Fire’ सत्र में नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश में भारत के पूर्व राजदूत क्षेत्रीय हालात पर चर्चा करेंगे. वहीं ‘The New World Order’ सत्र में दुनिया की बदलती राजनीतिक और सामरिक परिस्थितियों का विश्लेषण किया जाएगा. भारत-पाकिस्तान संबंधों पर पूर्व रॉ प्रमुख ए.एस. दुलत और पूर्व आईएसआई प्रमुख असद दुर्रानी के बीच चर्चा खास आकर्षण होगी.
बॉलीवुड का जलवा: शाहरुख से कंगना तकये मंच सितारों से सजा होगा. किंग ऑफ बॉलीवुड सत्र में शाहरुख खान (पुष्टि लंबित) दर्शकों से संवाद कर सकते हैं. ‘ क्वीन ऑफ द स्क्रीन’ सत्र में कंगना रनौत अपने चार दशक लंबे करियर और राजनीति पर चर्चा करेंगी. पंकज त्रिपाठी ‘The Real in Reel’ में अपने अनुभव साझा करेंगे. अनिल कपूर ‘How to Own Your Stardom’ सत्र में अपने सफर की कहानी बताएंगे. सुनील शेट्टी और अहान शेट्टी ‘Living Upto the Legacy’ में पारिवारिक विरासत और सिनेमा पर बात करेंगे. ईशान खट्टर और निर्देशक नीरज घेवन भी रियल सिनेमा पर चर्चा का हिस्सा बनेंगे.













