
पाकिस्तान का नया ड्रामा, T20 वर्ल्ड कप में भारत से मैच का बायकॉट करेगा, लेकिन...
AajTak
बांग्लादेश के आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बौखला गया है. पीसीबी ने पहले तो धमकी दी कि वो टी20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार करने की सोच रहा है. अब वो पूरे टूर्नामेंट का बायकॉट करने की बजाय केवल भारत से ग्रुप मैच का बहिष्कार कर सकता है.
बांग्लादेश को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया था. बांग्लादेशी टीम ने आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत की यात्रा करने से इनकार कर दिया था और अपने मुकाबले श्रीलंका में शिफ्ट करने की मांग की थी. आईसीसी ने बांग्लादेश की मांग नहीं मानी और उसे 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया. बांग्लादेशी बोर्ड की तरफ से जवाब नहीं मिलने पर आईसीसी ने कड़ा कदम उठाया और स्कॉटलैंड को रिप्लेसमेंट टीम के तौर पर टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुना.
यह भी पढ़ें: ICC के एक अल्टीमेटम ने निकाल दी पाकिस्तान की हेकड़ी, बायकॉट किया तो तबाह हो जाएगा क्रिकेट बोर्ड
बांग्लादेश के बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) खासा नाराज है. पीसीबी ने पहले गीदड़भभकी दी थी कि वो इस टूर्नामेंट का ही बहिष्कार करेगा. ऐसे में आईसीसी ने वॉर्निंग दी कि यदि वो ऐसा कदम उठाता है तो उसपर सख्त एक्शन लिया जाएगा. आईसीसी की तरफ से एक्शन के डर से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुपचाप अपनी टीम का ऐलान कर दिया.
भारत से मैच नहीं खेलेगी पाकिस्तानी टीम? हालांकि पाकिस्तान का नाटक अभी पूरा खत्म नहीं हुआ है. जियो सुपर की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप मुकाबले का बहिष्कार कर सकता है. इसके लिए वो गंभीरता पूर्वक विचार कर रहा है. यह मैच 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है. पाकिस्तान इसके जरिए आईसीसी के उस फैसले का विरोध करना चाहता है, जिसने बांग्लादेश की टी20 वर्ल्ड कप से छुट्टी कर स्कॉटलैंड की एंट्री करा दी.
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड विरोध के कई विकल्पों पर विचार कर रहा है और टीम टूर्नामेंट में भाग भी ले सकती है. अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलता, तो उसे केवल दो अंक की कमी होगी, लेकिन आईसीसी को वित्तीय नुकसान उठाना पड़ सकता है. पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी टीम से मुलाकात कर रणनीति और आगे की योजनाओं पर चर्चा करेंगे. नकवी ने कहा कि अंतिम निर्णय संघीय सरकार से परामर्श के बाद ही लिया जाएगा.
मोहसिन नकवी ने दी गीदड़भभकी मोहसिन नकवी ने कहा था कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से परामर्श के बाद अंतिम निर्णय की घोषणा की जाएगी. नकवी ने आईसीसी की आलोचना करते हुए कहा, 'बांग्लादेश के साथ अन्याय हुआ है और इसे 'डबल स्टैंडर्ड' माना जाना चाहिए. मैंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की बोर्ड मीटिंग में भी यही बात कही थी.' नकवी ने आईसीसी के इस फैसले में भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के प्रभाव पर सवाल उठाए.

बायकॉट के बाद इंजरी बम... IPL 2026 से पहले ही KKR हुई बेदम, SRK की टीम में अब केवल 3 पेसर्स का ऑप्शन
IPL 2026 से पहले KKR को तेज गेंदबाजी में बड़ा झटका लगा है. मुस्तफिजुर रहमान के रिलीज होने के बाद हर्षित राणा सर्जरी के कारण लगभग बाहर हैं, जबकि मथीशा पथिराना चोट से जूझ रहे हैं. ऐसे में टीम का पेस अटैक कमजोर पड़ गया है और कप्तान अजिंक्य रहाणे के सामने सही कॉम्बिनेशन ढूंढने की बड़ी चुनौती है.

PSL पर मंडराया ईरान-US तनाव का असर, विदेशी खिलाड़ी हटेंगे? पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने तोड़ी चुप्पी
PSL (पाकिस्तान सुपर लीग) 11 से पहले विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा और यात्रा को लेकर उठे सवालों पर PCB ने साफ किया कि सभी इंतजाम पूरे हैं. ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के आने में कोई दिक्कत नहीं होगी. मिडिल ईस्ट में तनाव और अफगान बॉर्डर की स्थिति के बावजूद टूर्नामेंट तय समय पर होगा और इसमें पहले से ज्यादा विदेशी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे.

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और सरकार के बीच टकराव बढ़ गया है. खेल मंत्रालय ने चुनाव में गड़बड़ी की जांच के लिए कमेटी बनाई, जिस पर BCB ने 'हस्तक्षेप' का आरोप लगाया. ICC नियमों के चलते बैन का खतरा भी मंडरा रहा है. तमीम इकबाल के आरोपों से विवाद गहराया, जबकि बोर्ड ने जांच समिति खत्म करने की मांग की है.










