
पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद का निर्माण शुरू, हुमायूँ कबीर ने मुस्लिम वोट को लेकर किया बड़ा दावा
BBC
पश्चिम बंगाल इस्लामिक फ़ाउंडेशन ऑफ़ इंडिया निर्माण समिति के मुताबिक़, शिलान्यास के दिन क़रीब 1,200 लोगों ने सामूहिक रूप से क़ुरान पढ़ी था. बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल हुए, चंदा दिया और निर्माण के लिए ईंटें दान कीं.
पश्चिम बंगाल का मुर्शिदाबाद ज़िला एक बार फिर सुर्ख़ियों में हैं. पिछले दिनों ज़िले के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद के निर्माण की घोषणा हुई थी.
11 फ़रवरी को औपचारिक रूप से इस मस्जिद का निर्माण कार्य शुरू हो गया है. जब से मुर्शिदाबाद ज़िले में 'बाबरी मस्जिद' के निर्माण की घोषणा हुई है, राज्य में इसे लेकर सियासी हलचल मची हुई है.
इस मामले के केंद्र में हैं हुमायूँ कबीर, जो पहले सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए थे. लेकिन अब उन्होंने अपनी नई पार्टी बना ली है.
वर्ष 1992 में अयोध्या में बाबरी मस्जिद गिरा दी गई थी. बाद में सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद वहाँ राम मंदिर का निर्माण किया गया. अयोध्या के नज़दीक ही नई मस्जिद के लिए ज़मीन आबंटित की गई थी, लेकिन वहाँ अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है.
बीबीसी हिन्दी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
अब पश्चिम बंगाल के एक मुस्लिम बहुल ज़िले में बन रही बाबरी मस्जिद बहस के केंद्र में है.
जहाँ एक ओर लोग मस्जिद के नाम और विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुए निर्माण को लेकर चर्चा कर रहे हैं, वहीं बेलडांगा और आसपास के इलाक़े के कई लोगों में मस्जिद के निर्माण को लेकर बहुत उत्साह है.













