
बांग्लादेश: मोहम्मद यूनुस ने जाते-जाते और तारिक़ रहमान की शपथ से पहले भारत को एक बार फिर से 'छेड़ा'
BBC
मोहम्मद यूनुस ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से विदाई ले ली है लेकिन विदाई भाषण में जो भी उन्होंने कहा, वह भारत को असहज कर सकता है. यूनुस ने यह बात तब कही है, जब भारत तारिक़ रहमान की जीत का स्वागत कर रहा है.
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने सोमवार को इस्तीफ़ा दे दिया लेकिन सत्ता से जाते-जाते एक बार फिर से भारत को असहज करने वाला बयान दिया है.
सोमवार को अपने विदाई भाषण में मोहम्मद यूनुस ने कहा, ''हमारा खुला समंदर न केवल बांग्लादेश की भौगोलिक सीमा है बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था से संपर्क के लिए खुला दरवाज़ा भी है. इस इलाक़े में नेपाल, भूटान और सेवन सिस्टर्स के पास जबर्दस्त आर्थिक सामर्थ्य है.''
पूर्वोत्तर भारत के सात राज्यों- अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिज़ोरम, नगालैंड और त्रिपुरा को एक साथ सेवन सिस्टर्स कहा जाता है.
मोहम्मद यूनुस ने जब 'सेवन सिस्टर्स' का ज़िक्र किया तो भारत का नाम नहीं लिया.
बिना भारत का नाम लिए सेवन सिस्टर्स का स्वतंत्र रूप से ज़िक्र करने का अर्थ यह भी निकाला जा रहा है कि मोहम्मद यूनूस ने भारत के इन राज्यों की राष्ट्रीयता अलग करके देखी है. यह कोई पहली बार नहीं है, जब मोहम्मद यूनुस ने सेवन सिस्टर्स का उल्लेख इस तरह से किया है.
पिछले साल मोहम्मद यूनुस 26 से 29 मार्च तक चीन के दौरे पर थे. इस दौरे में भी यूनुस ने सेवन सिस्टर्स का हवाला दिया था.
मोहम्मद यूनुस ने कहा था कि सेवन सिस्टर्स का समंदर से कोई कनेक्शन नहीं है और बांग्लादेश ही इस इलाक़े का अभिभावक है.













