
पीएम मोदी का क्या तारिक़ रहमान के शपथ ग्रहण में जाना मुश्किल? अबतक जो पता है
BBC
बांग्लादेश में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया 17 फ़रवरी से शुरू होगी और उसी दिन नए सांसदों और कैबिनेट सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा.
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा है कि बांग्लादेश में तारिक़ रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रण भेजा जाएगा.
बांग्लादेश के तेरहवें संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है और उम्मीद है कि पार्टी के अध्यक्ष तारिक़ रहमान देश के अगले प्रधानमंत्री बनेंगे.
शुक्रवार को चुनाव के नतीजे आने के बाद पीएम मोदी ने तारिक़ रहमान को फ़ोन कर चुनाव में जीत के लिए बधाई भी दी थी. बीएनपी ने पीएम मोदी को इसके लिए शुक्रिया भी कहा है.
बीबीसी बांग्ला संवाददाता शुभज्योति घोष को बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के चेयरपर्सन ऑफिस ने शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी को भी आमंत्रण भेजे जाने की जानकारी दी है.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
बीएनपी अध्यक्ष तारिक़ रहमान के फॉरेन पॉलिसी एडवाइजर हुमायूं कबीर ने भी पुष्टि की है कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तारिक़ के शपथ ग्रहण समारोह में बुलाया जाएगा.
पार्टी की स्थायी समिति के सदस्य सलाहुद्दीन अहमद ने बीबीसी बांग्ला को बताया कि शपथ ग्रहण समारोह 17 फ़रवरी को हो सकता है और उसी दिन नए चुने गए सांसद शपथ लेंगे.













