
पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से ख़फ़ा हुए राजीव शुक्ला, फे़क वीडियो चलाने का आरोप
BBC
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने आरोप लगाया कि शोएब मलिक ने उनका एआई जेनरेटेड वीडियो चलाया है.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब मलिक के प्रति कड़ी नाराज़गी जताई है.
राजीव शुक्ला ने उन पर आरोप लगाया है कि मलिक ने उनका 'फ़ेक वीडियो इस्तेमाल किया है.'
पाकिस्तान, भारत के साथ 15 फ़रवरी को टी-20 वर्ल्ड कप का मैच खेलने पर सहमत हो गया है.
पहले पाकिस्तान ने बांग्लादेश के साथ 'एकजुटता' का हवाला देते हुए इस मैच का बहिष्कार करने का फ़ैसला किया था.
इसी मुद्दे पर पाकिस्तान के एआरवाई न्यूज़ चैनल पर 'हर लम्हा पुरजोश' नाम के कार्यक्रम में चर्चा के दौरान शोएब मलिक ने एक ऑडियो क्लिप चलाया जिसके बारे में उन्होंने दावा किया कि ये बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला का बयान है.
क्लिप में कहा जा रहा है कि, "आईसीसी प्रतिनिधियों की पहल के बाद इस मामले का जो आउटकम निकला है मैं उससे बेहद ख़ुश हूं. बीसीसीआई लगातार रिक्वेस्ट कर रहा था कि पाकिस्तान को भारत के ख़िलाफ़ मैच खेलने के लिए तैयार किया जाए और बीसीसीआई की इसी रिक्वेस्ट पर आईसीसी ने ये पहल की थी. ये अच्छा समाधान है जिसमें क्रिकेट की अहमियत को प्राथमिकता दी गई है."
इस क्लिप के आधार पर शो के पैनलिस्ट ने ये संकेत दिया कि आईसीसी ने बीसीसीआई के कहने पर पाकिस्तान को मैच खेलने के लिए राज़ी किया.













