
रोबो डॉग के बाद अब सॉकर ड्रोन पर विवाद, चर्चा में रहने वाली गलगोटिया यूनिवर्सिटी की शुरुआत कब और कैसे हुई?
BBC
इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट की वजह से चर्चा में बनी हुई गलगोटिया यूनिवर्सिटी आख़िर किस तरह की यूनिवर्सिटी है. इसकी शुरुआत कब, कहां और कैसे हुई?
नई दिल्ली में चल रही इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट सुर्ख़ियों में बनी हुई है. एक ओर इस समिट के दौरान अव्यवस्था और कुप्रबंधन के आरोप लग रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर इसमें शामिल होने को लेकर एक निजी विश्वविद्यालय चर्चा में है.
गलगोटिया यूनिवर्सिटी पर आरोप लगा कि उन्होंने चीन निर्मित एक रोबो डॉग को अपना बताकर समिट में पेश किया.
इसकी सोशल मीडिया पर काफ़ी चर्चा रही जिसके बाद गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने बयान जारी कर कहा कि ये रोबो डॉग उसने नहीं बनाया है.
इसके साथ ही बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से बातचीत में गलगोटिया यूनिवर्सिटी की प्रोफ़ेसर नेहा सिंह ने कहा कि इस रोबोट को गलगोटिया यूनिवर्सिटी के सेंटर ऑफ़ एक्सिलेंस में डिवेलप किया जा रहा है, न कि इसे बनाया गया है, बिल्ड करना और डिवेलप करने में अंतर है.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
इस विवाद के बाद ऐसे दावे किए जा रहे हैं कि गलगोटिया यूनिवर्सिटी को इस समिट से अपना स्टॉल हटाने के लिए कहा गया है. हालांकि बीबीसी इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.
स्टॉल छोड़ते समय गलगोटिया यूनिवर्सिटी की प्रोफ़ेसर ऐश्वर्या श्रीवास्तव ने मीडिया से कहा कि एक आधिकारिक प्रेस रिलीज़ जारी की जाएगी जिसमें मीडिया के सभी सवालों के जवाब दिए जाएंगे.













