
भारत-अमेरिका ट्रेड डील से डरे कश्मीर के किसान, सेब और ड्राई फ्रूट उद्योग के 'तबाह' होने का डर
BBC
सेब और ड्राई फ़्रूट्स उद्योग से जुड़े लोगों को डर है कि ज़ीरो ड्यूटी पर आने वाले अमेरिकी सेब और ड्राई फ़्रूट्स की वजह से उनका बाज़ार ख़त्म हो जाएगा.
इंडिया-अमेरिका ट्रेड डील के बाद जम्मू -कश्मीर में ड्राई फ्रूट्स और सेब का उत्पादन करने वाले भी चिंता में हैं.
इस व्यवसाय से जुड़े सभी लोग डील को अपने लिए एक बड़े झटके के तौर पर महसूस कर रहे हैं.
उन्हें डर है कि ज़ीरो ड्यूटी पर आने वाले अमेरिकी सेब और ड्राई फ़्रूट्स की वजह से उनका बाज़ार ख़त्म हो जाएगा.
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री भी इस चिंता में शामिल हैं लेकिन फ़िलहाल इस समस्या का हल किसी के पास नज़र नहीं आ रहा है.
बीबीसी हिन्दी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
बड़गाम ज़िले के कनिहामा के रहने वाले मोहम्मद अयूब का परिवार कई पीढ़ियों से सेब की खेती करता आया है.
उनके घर के सभी खर्चे इसी काम से चलते आए हैं. हालाँकि, बीते कुछ वर्षों में उन्हें कुछ मुश्किलें भी आई हैं. अब उन्हें एक नई मुश्किल सिर पर मंडराती दिख रही है और वह है भारत और अमेरिका की ट्रेड डील.













