
बांग्लादेश: मोहम्मद यूनुस के समर्थक नाहिद इस्लाम का तारिक़ रहमान पर तीखा हमला, भारत का भी ज़िक्र
BBC
तारिक़ रहमान के प्रधानमंत्री बनते ही बांग्लादेश के कई ज़िलों में अवामी लीग के दफ़्तर फिर से खुलने की रिपोर्ट आ रही है. बांग्लादेश की संसद में विपक्ष के मुख्य सचेतक नाहिद इस्लाम को लगता है कि इस चुनाव में भारत, अवामी लीग और बीएनपी के बीच एक प्रकार की मिलीभगत थी.
बांग्लादेश में तारिक़ रहमान के प्रधानमंत्री पद की शपथ लिए महज तीन दिन हुए हैं और मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार में सलाहकार रहे नाहिद इस्लाम ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं.
नाहिद इस्लाम नेशनल सिटिजन पार्टी के संयोजक हैं. नेशनल सिटिजन पार्टी उन छात्र नेताओं की है, जिन्होंने जुलाई 2024 में शेख़ हसीना की सरकार के ख़िलाफ़ आंदोलन शुरू किया था और मोहम्मद यूनुस को अपना नेता बनाया था.
दरअसल गुरुवार को ख़बर आई कि शेख़ हसीना की पार्टी अवामी लीग ने बांग्लादेश के कई ज़िलों में अपने दफ़्तरों को फिर से खोला है. इसे लेकर नाहिद इस्लाम ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस की और कहा कि बिना तारिक़ रहमान की सरकार की हरी झंडी के ऐसा नहीं हुआ होगा.''
बांग्लादेश की संसद में विपक्ष के मुख्य सचेतक नाहिद इस्लाम को लगता है कि इस चुनाव में भारत, अवामी लीग और बीएनपी के बीच एक प्रकार की मिलीभगत थी.
इस मुद्दे पर चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि अवामी लीग की राजनीति को फिर से स्थापित करने की कोशिशों का कड़ा विरोध किया जाएगा.
नाहिद इस्लाम ने ये बातें गुरुवार दोपहर ढाका के बंग्लामोटर स्थित एनसीपी के अस्थायी केंद्रीय कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहीं. नाहिद इस्लाम ने अवामी लीग के कार्यालयों के खुलने के संबंध में संबंधित प्रशासन से जवाबदेही की मांग की.
उन्होंने कहा, ''अगर वे प्रशासनिक रूप से उन कार्यालयों को तुरंत बंद करने में नाकाम रहते हैं, तो हम राजनीतिक प्रतिरोध का आह्वान करेंगे. इसके लिए हम फासीवादियों को फिर से पैर जमाने के लिए सरकार को भी जवाबदेह ठहराएंगे.''













