
'धुरंधर 2' में पगड़ी पहने रणवीर सिंह ने पी थी सिगरेट? बवाल के बाद आदित्य धर ने तोड़ी चुप्पी, बोले- 'सख्त एक्शन लूंगा'
ABP News
Dhurandhar 2 Controversy: रणवीर सिंह के 'धुरंधर 2' में पगड़ी पहने हुए सिगरेट पीने की तस्वीरें वायरल होने के बाद काफी बवाल खड़ा हो गया है. वहीं इस पर अब आदित्य धर ने चुप्पी तोड़ी है.
धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर हर दिन रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है. वहीं इस फिल्म को लेकर नए-नए विवाद भी खडे हो रहे हैं. हाल ही में फिल्म से रणवीर सिंह के किरदार जसकीरत सिंह रंगी की पगड़ी पहने हुए सिगरेट पीने की तस्वीरें वायरल हुई थीं जिस पर सिख समुदाय के एक ग्रुप ने नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. वहीं इसके कुछ ही घंटों बाद आदित्य धर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक ऑफ़िशियल बयान जारी किया. 'धुरंधर 2: द रिवेंज' के डायरेक्टर ने साफ़ किया है कि रणवीर सिंह की वायरल हो रही स्मोकिंग वाली फ़ोटो 'फ़ेक' और 'एआई-जेनरेटेड' है.
उन्होंने सभी से अपील की कि वे रणवीर सिंह के किरदार जसकीरत को सिगरेट पीते हुए दिखाने वाली एआई-जेनरेटेड फ़ेक तस्वीरों पर यक़ीन न करें. उन्होंने यह भी कहा कि वे सिख समुदाय का बहुत सम्मान करते हैं और सभी से गुज़ारिश की कि वे सिर्फ ऑफ़िशियल कंटेंट पर ही भरोसा करें.
आदित्य धर ने रणवीर की पगड़ी पहने सिगरेट पीते तस्वीरों को बताया फेकआदित्य धर ने अपनी पोस्ट में लिखा, "मेरे संज्ञान में आया है कि कुछ लोग आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके ऑफिशियल तौर पर जारी किए गए प्रमोशनल मटीरियल को मॉर्फ करके, छेड़छाड़ की हुई तस्वीरें फैला रहे हैं, ताकि झूठे और गुमराह करने वाले नैरेटिव गढ़े जा सकें." अपने बयान में आदित्य धर ने पहले दर्शकों का आभार जताया. उन्होंने कहा, "फिल्म को देश और विदेश में दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है और इसके लिए मैं आभारी हूं, लेकिन कुछ लोग इस सकारात्मक माहौल को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. असली फुटेज और तस्वीरों को एडिट कर ऐसा कंटेंट बनाया जा रहा है, जो फिल्म की छवि को नुकसान पहुंचा सकता है."
उन्होंने आगे कहा, "ऐसी ही एक मनगढ़ंत तस्वीर में हमज़ा/जसकिरत नाम के किरदार को पगड़ी पहने हुए सिगरेट पीते हुए दिखाया गया है. यह पूरी तरह से गलत है और न तो यह फ़िल्म का हिस्सा है, और न ही हमारे द्वारा जारी की गई किसी ऑफिशियल कंटेंट का। यह जान-बूझकर की गई गलतबयानी है, जिसका मकसद लोगों को भड़काना और अशांति फैलाना है."













