
दिल्ली में 'भारत विरोधी पोस्टर' लगाने वाले छह 'बांग्लादेशी' तमिलनाडु में गिरफ़्तार, अब तक क्या पता है
BBC
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल शुक्रवार को तिरुपुर पहुंची थी. उसने जिन छह 'बांग्लादेशियों' को गिरफ़्तार किया, वो तिरुपुर शहर के अलग-अलग इलाक़ों में रह रहे थे.
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तमिलनाडु के तिरुपुर में छह 'बांग्लादेशियों' को गिरफ़्तार किया है और उन्हें अपने साथ ले गई है. इन लोगों पर दिल्ली में पाकिस्तान के समर्थन में पोस्टर चिपकाने में शामिल होने का आरोप है.
तिरुपुर के पुलिस आयुक्त राजेंद्रन ने बीबीसी तमिल को बताया कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें गिरफ़्तार किए गए छह लोगों के ख़िलाफ़ मामले की पूरी जानकारी नहीं दी है.
उन्होंने बताया कि गिरफ़्तार किए गए लोगों के ख़िलाफ़ तिरुपुर में कोई मामला दर्ज नहीं था.
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले डेढ़ साल में तिरुपुर में 200 से अधिक बांग्लादेशियों को गिरफ़्तार कर वापस उनके देश भेजा गया है.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
तमिलनाडु में विपक्षी पार्टी एआईएडीएमके के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने सवाल उठाया है कि दिल्ली पुलिस की कार्रवाई से पहले राज्य पुलिस का आतंकवाद विरोधी दस्ता क्या कर रहा था?
उन्होंने बयान जारी करते हुए कहा, "डीएमके सरकार ने तमिलनाडु में कानून व्यवस्था को इस हद तक बिगाड़ दिया है कि एक आतंकवादी हमले की स्थिति पैदा हो सकती है."













