
दिल्ली में अरुणाचल की युवतियों के साथ बदसलूकी के वायरल वीडियो की पूरी कहानी
BBC
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है जिसमें पूर्वोत्तर भारत की युवतियों के साथ महिला-पुरुष गाली-गलौज कर रहे हैं. इस घटना के बाद एक बार फिर से देश में पूर्वोत्तर भारत के लोगों के साथ होने वाले नस्लवाद की चर्चा है.
दिल्ली के मालवीय नगर में रहने वाली अरुणाचल प्रदेश की तीन युवतियों ने अपने पड़ोसियों के ख़िलाफ़ नस्लवाद की शिकायत दर्ज करवाई है. इन लड़कियों का कहना है कि दिल्ली में उनके ख़िलाफ़ ऐसा व्यवहार पहली बार नहीं हुआ है.
शिकायत करने वाली युवतियों में से एक ने बताया, "उन्होंने एक छोटे से झगड़े में हमारी पूरी कौम को गाली दी. हमने यह केस दर्ज करवाने का निर्णय लिया जिससे भविष्य में किसी नॉर्थ-ईस्टर्न के साथ ऐसा बर्ताव करने से पहले कोई भी दो बार सोचे."
इस युवती का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि उन्हें इंसाफ़ मिलेगा, और इस केस को देखकर लोग पूर्वोत्तर भारत के लोगों के साथ नस्लवाद करने से पहले दो बार सोचेंगे.
इन युवतियों ने अपना नाम गोपनीय रखने का निवेदन किया है.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
ये युवतियां पिछले सात महीने से दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में किराए के घर में रह रही थीं.













