
एलपीजी संकट पर सड़क से संसद तक हंगामा, राहुल गांधी का पीएम मोदी पर निशाना, सरकार ने क्या कहा?
BBC
एलपीजी संकट की ख़बरों के बीच कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा है और इस मुद्दे पर संसद में बहस की मांग की है. उधर कई शहरों में एलपीजी के लिए लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं.
ईरान के साथ अमेरिका और इसराइल की जंग की वजह से एलपीजी की क़िल्लत के बीच देश के कई शहरों में घरेलू गैस के ग्राहकों की लंबी क़तारें सुर्खियों में हैं और यह मुद्दा अब सड़क से संसद तक पहुंच गया है.
कांग्रेस समेत विपक्षी सांसदों ने गुरुवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया है और इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने एलपीजी मुद्दे को लेकर संसद में बहस की मांग की है.
इस बीच पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि घरेलू एलपीजी प्रोडक्शन को 25 प्रतिशत बढ़ा दिया गया है.
इसीबीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत में ईंधन की कोई कमी नहीं है और पैनिक करने की ज़रूरत नहीं है. जबकि कांग्रेस सासंद प्रियंका गांधी ने कहा, "मैं उम्मीद करती हूं कि उनकी बात सही हो लेकिन ऐसा दिख नहीं रहा है."
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि पश्चिम एशिया में मौजूदा संघर्ष के कारण देश एलपीजी की कमी का सामना कर रहा है और इसके बावजूद प्रधानमंत्री लोकसभा में आकर इस मुद्दे पर बोलना नहीं चाहते.
उन्होंने आरोप लगाया कि 'अमेरिका में अडानी पर आरोप तय होने और एपस्टीन फ़ाइल्स के चलते प्रधानमंत्री मोदी घबराहट में हैं.'

भारत में, एलपीजी गैस की कीमतों में इज़ाफ़ा होता दिख रहा है. इसकी सप्लाई को लेकर अनिश्चितता का दौर जारी है. एलपीजी की कीमतों और उपलब्धता पर दबाव बढ़ता दिख रहा है और देश के अलग-अलग हिस्सों से ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं. यहां लोगों को कैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है? बीबीसी के रिपोर्टर्स ने देश के अलग-अलग हिस्सों में यही जानने की कोशिश की.












