
'पहले धौंस दिखाई अब भीख मांग रहा': रूस से भारत के तेल ख़रीदने पर ईरान का अमेरिका पर बयान
BBC
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि भारत के तेल ख़रीदने से हो रहे आर्थिक फ़ायदे का इस्तेमाल रूस यूक्रेन के ख़िलाफ़ युद्ध में करता है. अब भारत को 'तेल ख़रीदने की अनुमति देने पर' ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने अमेरिका की नीति पर तीखी टिप्पणी की है.
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने रूसी तेल को लेकर अमेरिका के रुख़ की कड़ी आलोचना की है. उनका कहना है कि अमेरिका अब भारत समेत दुनिया के कई देशों से रूस से तेल ख़रीदने की 'भीख मांग रहा है.'
अराग़ची की ओर से यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने अस्थायी रूप से इन प्रतिबंधों में ढील दी है, ताकि भारत जैसे देश समुद्र में पहले से मौजूद रूसी तेल ख़रीद सकें.
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लेविट ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान कहा था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट और राष्ट्रीय सुरक्षा टीम ने यह फै़सला लिया है.
उन्होंने कहा कि भारत ने ज़िम्मेदार रवैया दिखाया है और प्रतिबंधित रूसी तेल ख़रीदना बंद कर दिया था.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ अमेरिकी वित्त विभाग की वेबसाइट का कहना है कि बेसेंट ने रूस से जुड़े नए जनरल लाइसेंस को लेकर जो घोषणा की है वह 11 अप्रैल तक जहाज़ों पर लादे गए रूसी कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री की अनुमति देता है.
खास बात यह है कि प्रतिबंधित रूसी संस्थाएं जो तेल उत्पादन करती हैं. इस लाइसेंस के तहत, उस तेल को ख़रीदने की भी अनुमति है.

भारत में, एलपीजी गैस की कीमतों में इज़ाफ़ा होता दिख रहा है. इसकी सप्लाई को लेकर अनिश्चितता का दौर जारी है. एलपीजी की कीमतों और उपलब्धता पर दबाव बढ़ता दिख रहा है और देश के अलग-अलग हिस्सों से ऐसी तस्वीरें सामने आ रही हैं. यहां लोगों को कैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है? बीबीसी के रिपोर्टर्स ने देश के अलग-अलग हिस्सों में यही जानने की कोशिश की.












