
टी-20 वर्ल्ड कप: भारत को रचना है इतिहास तो इनसे रहना होगा सावधान
BBC
भारत लगातार दूसरी बार खिताब जीतने वाली दूसरी टीम बन सकती है. लेकिन टूर्नामेंट के फ़ाइनल तक पहुंचते-पहुंचते टीम की कई कमियां सामने आई हैं. साथ ही न्यूज़ीलैंड के ये धुरंधर भारत का काम मुश्किल कर सकते हैं.
भारतीय क्रिकेट टीम टी-20 विश्व कप में इतिहास रचने से एक जीत दूर ज़रूर है पर उन्हें इस दूरी को ख़त्म करने के लिए पिछले कुछ मैचों में दिखी ख़ामियों को दूर करना होगा.
ऐसा करके ही वह लगातार दूसरी बार खिताब जीतने वाली दूसरी टीम बन सकती है.
भारत ने न्यूज़ीलैंड से कुछ ही समय पहले टी-20 सीरीज आसानी से 4-1 से जीत ली थी, पर न्यूज़ीलैंड दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ सेमीफ़ाइनल में जिस तरह का प्रदर्शन करके आई है, उससे यह तो साफ़ है कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाला फ़ाइनल आसान तो नहीं होने वाला है.
न्यूज़ीलैंड के कप्तान सेंटनर ने मैच की पूर्व संध्या पर एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "भीड़ को ख़ामोश करना ही हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य है. टी-20 एक अनिश्चित फॉर्मेट है और यहां खेल का रुख छोटे-छोटे पलों से तय होता है. भारत पर घर में विश्व कप जीतने का दवाब है और हम इसी का फ़ायदा उठाने की योजना बना रहे हैं."
वहीं भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाता सम्मेलन में कहा, "टीम का एकमात्र लक्ष्य फ़ाइनल जीतकर देश को जश्न मनाने का मौका देना है."
बीबीसी हिन्दी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें













