
टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान ने मैच नहीं खेलने की घोषणा की है फिर भी टीम इंडिया श्रीलंका क्यों जा रही है?
BBC
पाकिस्तान ने भारत के साथ मैच नहीं खेलने की घोषणा की है. इससे श्रीलंका की भी चिंता बढ़ गई है. श्रीलंका ने पाकिस्तान ने आने के लिए आग्रह किया है और भारतीय टीम भी रवाना होने वाली है.
राजनीतिक तनाव और अनिश्चतताओं के बीच शनिवार से भारत और श्रीलंका में आईसीसी मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप का आग़ाज़ होने जा रहा है.
बांग्लादेश ने पहले ही टूर्नामेंट का बहिष्कार कर दिया है जबकि पाकिस्तान ने कहा है कि वह भारत के साथ मैच नहीं खेलेगा.
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की प्लेइंग कंडीशंस के मुताबिक, अगर पाकिस्तान कोई मैच खेलने से इनकार करता है तो उसे मुक़ाबले के अंक गंवाने होंगे. वहीं, भारत को उस मैच के लिए तय अधिकतम अंक मिलेंगे.
इस बीच श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान के बोर्ड को एक चिट्ठी लिखी है और भारत के साथ न खेलने के फ़ैसले पर दोबारा विचार करने के लिए कहा है.
श्रीलंका की ओर से कहा गया है कि उसे इस फ़ैसले के परिणामस्वरूप काफ़ी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा.
मगर पाकिस्तान के भारत के ख़िलाफ़ न खेलने से असर क्या होगा इस पर अब भी अनिश्चितता बरकरार है. चर्चा टी-20 वर्ल्ड कप के कॉन्ट्रैक्ट के से जुड़े उस क्लॉज़ की भी है, जो शायद पाकिस्तान को किसी बड़े जुर्माने से बचा सकता है.













