
टी-20 वर्ल्ड कप: टीम इंडिया पर ज़िम्बाब्वे के ख़िलाफ़ मुक़ाबले से पहले ही ये ख़तरा
BBC
टी-20 वर्ल्ड कप में आज भारत ज़िम्बाब्वे से भिड़ने वाला है. भारत के लिए ये मस्ट विन सिचुएशन है लेकिन आज एक और मैच है जिस पर होंगी भारतीय टीम की निगाहें.
टी-20 वर्ल्ड कप के पहले चरण में भारतीय टीम अपने चारों मैच जीतकर सुपर-8 में पहुंची.
लेकिन टूर्नामेंट में मिली इकलौती हार से उस पर बाहर होने का ख़तरा मंडराने लगा है.
दक्षिण अफ़्रीका के हाथों 71 रन की बड़ी हार भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को बहुत खल रही होगी.
क्योंकि अब टूर्नामेंट में बने रहने के लिए भारत को अपने परफॉरमेंस के अलावा दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा.
अब बस एक और 'ख़राब दिन' टीम इंडिया को बाहर का रास्ता दिखा देगा.
भारतीय फ़ैंस दुआ करेंगे कि कम से कम आज का दिन ना तो उनके लिए वो 'ख़राब दिन' साबित हो और ना ही दक्षिण अफ़्रीका के लिए.
गुरुवार को भारत की टीम चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में ज़िम्बाब्वे से भिड़ेगी लेकिन इस मैच से चंद घंटों पहले और कुछ सौ किलोमीटर दूर होने वाले मैच पर भी उसकी नज़र होगी.













