
'जिन्होंने गोली चलवाई वो राम मंदिर बनवा रहे हैं', लोकसभा में अखिलेश यादव का बड़ा बयान
ABP News
Akhilesh Yadav News: लोकसभा की कार्यवाही के दौरान एक सदस्य ने कार सेवकों पर गोली चलवाने का जिक्र किया. इस पर अखिलेश यादव ने पलटवार किया.
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार (10 फरवरी 2026) को राम मंदिर को लेकर लोकसभा में बड़ा दावा किया है. लोकसभा में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा किया है कि जिन्होंने गोली चलवाई वह राम मंदिर बनवा रहे हैं.
लोकसभा की कार्यवाही के दौरान एक सांसद के द्वारा कार सेवकों पर गोली चलवाने की बात पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "सभापति महोदय जिन्होंने गोली चलवाई, वह राम मंदिर बनवा रहे हैं. अगर पता न हो तो जाकर पूछ लेना. यहां पर आधी-अधूरी जानकारी के साथ मत आया करो."
मनरेगा का नाम बदलकर वी बी राम जी करने पर अखिलेश यादव ने कहा, "वी-बी रामजी नाम बदल दिया गया. यूपी जैसे बड़े राज्य को क्या मिलेगा? यहां एक हजार ग्राम सभाएं अर्बन हो गई हैं और 40 प्रतिशत व्यय राज्य सरकारों पर डाल दिया गया है." उन्होंने पूछा कि यह योजना कैसे चलेगी?
अखिलेश यादव किसानों की आय दोगुनी किए जाने के मुद्दे पर कहा, "जिन्होंने कहा कि 2022 तक किसनों की आय दोगुनी कर देंगे. आज आलू के पैदावार करने वाले की आय दोगुनी हुई? धान की पैदावार करने वाले की आय दोगुनी हुई?" उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा, "आप कहते हैं कि गाय की सेवा करो लेकिन हमारे क्षेत्र में यूपी का पहला काऊ मिल्क प्लांट बना जिसे सरकार ने बंद कर दिया."













