
जितेंद्र सिंह: केजरीवाल और सिसोदिया को बरी करने वाले स्पेशल जज कौन हैं?
BBC
दिल्ली की एक अदालत ने शराब नीति से जुड़े एक मामले में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को सभी आरोपों से मुक्त कर दिया है.
शुक्रवार को राउज़ एवेन्यू अदालत से आई एक ख़बर ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेताओं को बड़ी राहत दी है.
स्पेशल जज जितेंद्र सिंह ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत सभी 23 आरोपियों को डिस्चार्ज कर दिया है.
यह पहली बार नहीं है जब जज जितेंद्र सिंह के किसी फ़ैसले ने सुर्खियां बटोरी हों.
कानून की बारीकियों पर उनकी पकड़ और जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर कड़े सवालों के लिए उन्हें कानूनी हलकों में एक सख़्त जज के तौर में देखा जाता है.
शुक्रवार को अपना फ़ैसला सुनाते हुए जज जितेंद्र सिंह ने सीबीआई की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इनकार कर दिया.
उन्होंने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि जांच एजेंसी अभियुक्तों के ख़िलाफ़ "आपराधिक मंशा" या "साज़िश" के ठोस सबूत पेश करने में नाकाम रही है.













