
जनरल नरवणे ने अपनी अप्रकाशित किताब पर दी सफ़ाई, फिर भी क्यों नहीं थम रहा विवाद
BBC
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बीते नौ फ़रवरी को अप्रकाशित किताब 'फोर स्टार्स ऑफ़ डेस्टिनी' के सर्कुलेशन मामले में एफ़आईआर दर्ज की है.
पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की एक अप्रकाशित किताब को लेकर शुरू हुआ विवाद ख़त्म होने का नाम नहीं ले रहा.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार इस किताब को लेकर सरकार पर हमलावर हैं, वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एफ़आईआर भी दर्ज कर ली है.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी ने दिल्ली पुलिस से इस एफ़आईआर के बारे में कई बार बात करने की कोशिश की लेकिन कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला.
नरवणे की अप्रकाशित किताब ''फोर स्टार्स ऑफ़ डेस्टिनी'' की प्रकाशक कंपनी पेंगुइन इंडिया ने सफ़ाई भी जारी कर दी है.
पेंगुइन ने कहा है कि किताब अभी प्रकाशित नहीं हुई है. अब खुद नरवणे ने भी पेंगुइन के इस दावे पर अपनी मुहर लगा दी है, लेकिन इसके बावजूद यह मामला शांत होता नहीं नज़र आता.
बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि नरवणे के स्पष्टीकरण के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि राहुल गांधी के दावे महज़ कोरी कल्पना थी.
वह कहते हैं, ''राहुल गांधी ने जिस मनोहर कहानी को सुनाने का प्रयास सदन के पटल पर किया था, वो उनकी उस तथाकथित प्रकाशित बुक के प्रकाशक और लेखक दोनों के द्वारा स्पष्ट रूप से ध्वस्त हो गया है. राहुल गांधी कल पूछ रहे थे कि प्रकाशक झूठ बोल रहे हैं या फिर जनरल नरवणे, लेकिन अब तो दोनों के ही बयान सामने हैं, जिससे साफ़ है कि असल झूठ बोल कौन रहा है. ''













