
'...चाहें वह कोई हो', तारिक रहमान का राष्ट्र के नाम पहला संबोधन, जानिए क्या बोले बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री
ABP News
Tarique Rahman Speech: बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री बने तारिक रहमान ने देश के नाम अपना पहला संबोधन दिया है. उन्होंने कहा कि देश में सभी को समान अधिकार प्राप्त हैं, यहां कानून का राज ही चलेगा.
17 फरवरी को बांग्लादेश के 11वें प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद तारिक रहमान ने देश के नाम अपना पहला संबोधन दिया है. उन्होंने अपनी सरकार की प्राथमिकताओं, डेमोक्रेसी की बहाली से लेकर करप्शन पर लगाम लगाने का संकल्प लिया. बांग्लादेश का पीएम बनने के बाद उन्होंने अपने संबोधन में दो टूक कहा कि देश में शासन किसी दल या राजनीतिक प्रभाव या बल से नहीं बल्कि कानून से चलेगा.
सरकारी ब्रॉडकास्टर BTV ने तारिक रहमान की स्पीच का रात करीब 9 बजकर 45 मिनट पर प्रसारण किया. प्रधानमंत्री बनने के बाद राष्ट्र को दिए संबोधन में तारिक रहमान ने कहा, बीएनपी सरकार का मानना है कि किसी भी राजनीतिक दल, मत, धर्म के रूप में व्यक्ति की पहचान अलग हो सकती है लेकिन यह देश सभी का है. किसी ने बीएनपी को वोट दिया हो या नहीं लेकिन बांग्लादेश की नई सरकार पर सभी का समान अधिकार है.
तारिक रहमान ने कहा, वह देश के लोगों को यह संदेश देना चाहते हैं कि चाहे कोई मुस्लिम हो, हिंदू हो, बौद्ध हो या ईसाई, किसी भी पार्टी से जुड़ा हो, किसी भी धर्म या जाति का हो, पहाड़ों में रहता हो या मैदानों में, यह देश सभी का है. इस देश और इस राज्य में बांग्लादेशी के रूप में प्रत्येक नागरिक के पास समान अधिकार हैं. यहां किसी पार्टी या राजनीतिक प्रभाव का नहीं बल्कि कानून का शासन चलेगा.
(इस खबर को अपडेट किया जा रहा है.)













