
'गूगल, अल्फाबेट और IBM की जिम्मेदारी भारतीयों पर...', फ्रांस के राष्ट्रपति ने की भारत की जमकर तारीफ
ABP News
Emmanuel Macron India Visit: PM मोदी ने मंगलवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की. दोनों नेताओं ने मुंबई में जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इमैनुएल मैक्रों ने जमकर भारत की तारीफ की.
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भारत की तारीफों के पुल बांध दिए. मुंबई में इंडिया-फ्रांस इनोवेशन फोरम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया की कई बड़ी कंपनियों के CEO भारतीय हैं और यह कोई संयोग नहीं, बल्कि भारत की टैलेंट की ताकत का सबूत है. यह साझेदारी केवल रणनीतिक नहीं है. आज के अशांत दौर में यह वैश्विक स्थिरता और वैश्विक प्रगति की साझेदारी है.
मैक्रों ने भारत की जमकर तारीफ की
मैक्रों ने कहा, ‘अल्फाबेट का CEO भारतीय है. माइक्रोसॉफ्ट का CEO भारतीय है. IBM का CEO भारतीय है. एडोब का CEO भारतीय है. पालो अल्टो नेटवर्क्स का CEO भारतीय है और चैनल का CEO कोल्हापुर से है. यहीं महाराष्ट्र से. भारत सिर्फ ग्लोबल इनोवेशन में हिस्सा नहीं लेता; भारत इसे लीड करता है.’
यह बातें 17 फरवरी 2026 को मुंबई में हुईं, जहां इमैनुएल मैक्रों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एकसाथ थे. फोरम में दोनों नेताओं ने इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन 2026 का शुभारंभ किया. मैक्रों ने भारत की ‘विशाल टैलेंट पूल’ की तारीफ की और कहा कि भारत अपनी बड़ी आबादी के लिए आइडियाज को स्केल करने की क्षमता रखता है. उन्होंने खासतौर पर महाराष्ट्र का जिक्र किया, जहां चैनल की CEO कोल्हापुर से हैं, यह सुनकर वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं.













