
ओम बिरला: राहुल गांधी का माइक बंद करने के आरोप से अविश्वास प्रस्ताव तक, जब-जब चर्चा में रहे लोकसभा स्पीकर
BBC
विपक्ष पहले भी ओम बिरला पर सत्ता पक्ष की तरफ़ झुकने का आरोप लगाता रहा है. वो कौन-कौन से मौक़े रहे जब ओम बिरला चर्चा में रहे?
विपक्ष ने 10 फ़रवरी, मंगलवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को पद से हटाने के लिए अविश्वास प्रस्ताव लाने का नोटिस दिया है.
विपक्ष ने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान नेता उसके नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को सदन में बोलने से रोका गया.
इसके साथ ही इसमें आठ सांसदों के निलंबन का मुद्दा भी उठाया गया है. बजट सत्र के दौरान हंगामा मचाने के आरोप में लोकसभा के आठ सांसदों को निलंबित कर दिया गया था.
शिवसेना (यूबीटी) के सांसद अरविंद सावंत ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "पूरे सत्र में जो काम हो रहा है वो संविधान के मुताबिक़ नहीं है. आप जानते हैं लोकतंत्र में सबसे बड़ी जगह संसद है. अगर वहां विपक्ष के नेता को ही बात करने से रोका जाएगा तो फिर बाकी क्या बात की जाए? जनतंत्र के मूल पर ही चोट पहुंचाई जा रही है."
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इस नोटिस पर विपक्ष के 118 सांसदों ने साइन किए.
विवाद शुरू हुआ 4 फ़रवरी से जब राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सदन में भाषण होना था, लेकिन विपक्ष के लगातार विरोध प्रदर्शन के बाद उनका भाषण नहीं हुआ.













