
इस्लामाबाद में 'आत्मघाती धमाका', कम से कम 31 लोगों की मौत, 160 से ज़्यादा घायल
BBC
ज़िला प्रशासन के अनुसार धमाके वाली जगह को पूरी तरह सील कर दिया गया है. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने इस धमाके की निंदा की है.
इस्लामाबाद के तरलाई इलाके के इमामबाड़ा में हुए धमाके में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई है और 160 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़ पुलिस अधिकारियों ने इसे 'आत्मघाती हमला' बताया है.
ज़िला प्रशासन के प्रवक्ता के अनुसार अब तक अलग-अलग अस्पतालों में 15 लोगों को मृत अवस्था में लाया गया है.
प्रवक्ता के मुताबिक़ शहर के तीन अस्पतालों में इमरजेंसी लागू कर दी गई है, जबकि असिस्टेंट कमिश्नरों को अलग-अलग अस्पतालों में घायलों के इलाज की निगरानी के लिए तैनात किया गया है.
ज़िला प्रशासन के अनुसार धमाके वाली जगह को पूरी तरह सील कर दिया गया है.
गृह मंत्री मोहसिन नक़वी के निर्देश पर राज्य मंत्री (गृह) तलाल चौधरी इस्लामाबाद के पिम्स अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों से मुलाक़ात की.
इस मौके पर तलाल चौधरी ने कहा कि घायलों को इलाज की बेहतर से बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी.













