
इसराइल में अमेरिकी राजदूत ने मध्य-पूर्व पर ऐसा क्या कहा कि इस्लामी देशों ने जताया विरोध
BBC
अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी ने एक इंटरव्यू में कहा कि इसराइल बाइबल के मुताबिक़ मध्य पूर्व के बड़े हिस्सों पर कब्ज़ा कर सकता है. इस्लामी देशों के संगठन ओआईसी ने इसपर कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
इसराइल में अमेरिका के राजदूत माइक हकाबी ने कहा है कि अगर इसराइल पूरे मध्य पूर्व पर कब्ज़ा कर ले तो भी ठीक है.
माइक हकाबी ने शनिवार को दक्षिणपंथी राजनीतिक कार्यकर्ता और टिप्पणीकार टकर कार्लसन को एक इंटरव्यू में कहा कि इसराइल को 'बाइबल के मुताबिक़ मध्य पूर्व के बड़े हिस्सों पर कब्ज़ा करने का अधिकार है.'
हकाबी के इस बयान पर जॉर्डन और इस्लामी देशों के संगठन ऑर्गेनाइजेशन ऑफ़ इस्लामिक को-ऑपरेशन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
जॉर्डन ने हकाबी के बयान को गैर-ज़िम्मेदाराना, भड़काऊ और बेतुका करार दिया है वहीं ओआईसी ने कहा है कि इसे किसी भी हालात में मंजूर नहीं किया जा सकता.
टकर पूर्व रिपब्लिकन गवर्नर हकाबी से बातचीत में ओल्ड टेस्टामेंट की 'बुक ऑफ जेनेसिस' का ज़िक्र कर रहे थे.
जब टकर ने पूछा कि हकाबी ने 'बुक ऑफ जेनेसिस' का तीन बार हवाला क्यों दिया और क्या वह मानते हैं कि इसराइल को मध्य पूर्व की ज़मीन पर कब्ज़ा करने का अधिकार है, तो उन्होंने कहा कि "अगर वे सब कुछ ले लें तो भी ठीक रहेगा."













