
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन और माइक एथर्टन ने पाकिस्तान और बांग्लादेश के रुख़ का समर्थन किया
BBC
सात फ़रवरी से शुरू होने जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश और पाकिस्तान को लेकर विवाद के बाद इंग्लैंड के पूर्व कप्तानों ने कहा है राजनीति से क्रिकेट का खेल बर्बाद हो जाएगा.
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और क्रिकेट विशेषज्ञ नासिर हुसैन ने टी-20 वर्ल्ड कप में भारत में न खेलने के बांग्लादेश के फ़ैसले का और भारत के ख़िलाफ़ मैच का बहिष्कार करने के पाकिस्तान के फ़ैसले का समर्थन किया है.
उन्होंने इस मुद्दे पर बांग्लादेश के साथ खड़े रहने के लिए 'पाकिस्तान की सराहना' भी की है.
बांग्लादेश ने इस मुद्दे पर पाकिस्तान के समर्थन के लिए 'धन्यवाद' दिया है.
बांग्लादेश ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए टी-20 वर्ल्ड कप के अपने मैच श्रीलंका में कराने का अनुरोध किया था.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने उसकी यह मांग नहीं मानी जिसके बाद बांग्लादेश ने टूर्नामेंट से हटने का फ़ैसला किया. तब आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में जगह दी.
पाकिस्तान ने बांग्लादेश की मांग का समर्थन किया था. उसने टूर्नामेंट से हटने का फ़ैसला तो नहीं किया लेकिन भारत के ख़िलाफ़ मैच का बहिष्कार करने की घोषणा की.













