
अमेज़न के संस्थापक जेफ़ बेज़ोस के चलते नीदरलैंड में इन दिनों क्यों मचा है बवाल
BBC
रॉटरडैम सिटी काउंसिल ने शहर के ऐतिहासिक कोनिंग्सहेवन पुल को तोड़ने का फ़ैसला लिया है. इसे इसलिए तोड़ा जा रहा है ताकि जेफ़ बेज़ोस अपने जहाज से नदी में दूर तक सैर कर सकें.
अमेज़न के संस्थापक जेफ़ बेज़ोस नीदरलैंड के दौरे पर जाने वाले हैं. बेज़ोस वहां के मुख्य शहर रॉटरडैम भी जाएंगे, जहां वे सुपरयाच (जहाज) से शहर घूमने का लुत्फ़ भी उठाएंगे. लेकिन उनकी इस सैर को लेकर विवाद पैदा हो गया है.
यह विवाद इसलिए पैदा हुआ कि रॉटरडैम सिटी काउंसिल ने शहर के ऐतिहासिक कोनिंग्सहेवन पुल को तोड़ने का फ़ैसला लिया है. इसे इसलिए तोड़ा जा रहा है ताकि जेफ़ बेज़ोस अपने इस जहाज से नदी में दूर तक सैर कर सकें.
रॉटरडैम सिटी काउंसिल के प्रवक्ता ने यह पुल तोड़ने के फ़ैसले की पुष्टि की है और बताया कि इसका पूरा ख़र्च जेफ़ बेज़ोस उठाएंगे.
बेज़ोस की इस सैर के लिए बन रहा यह सुपरयाच अपने आकार में काफ़ी बड़ा है, जिसके चलते वह इस ऐतिहासिक पुल के नीचे से नहीं गुजर सकता. इस आलीशान सुपरयाच की लंबाई 127 मीटर और ऊंचाई 40 मीटर है. इसे नीदरैंड की ओशनको कंपनी बना रही है.
इस फ़ैसले की जानकारी इस हफ़्ते नीदरलैंड की मीडिया ने दी.













