
'अंधेरे में काम करने वालों को उजाला...', CM योगी ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना
ABP News
UP Politics: सीएम योगी ने कहा कि पहले प्रदेश की पहचान कर्फ्यू, दंगों और बिजली संकट से होती थी, जबकि अब यह त्योहारों और विकास के लिए जाना जाता है. आज उत्तर प्रदेश दीपोत्सव, महाकुंभ के लिए जाना जाता है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य की पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए बुधवार को आरोप लगाया कि 2017 से पहले राज्य को जानबूझकर अंधकार में रखा गया था. उनकी सरकार ने कानून-व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और निवेश के माहौल में सुधार कर प्रदेश को एक नई दिशा प्रदान की है.
सरकारी बयान के अनुसार, योगी ने यह टिप्पणी टोक्यों में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए की. उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में न तो बेहतर सड़कें थीं और न ही नियमित बिजली आपूर्ति. अखिलेश यादव सरकार पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग अंधेरे में काम करने के आदी थे, उन्हें उजाला पसंद नहीं आया. जब प्रवृत्ति डकैती की हो तो राज्य को भी अंधेरे में रखा जाता है.
सीएम योगी ने कहा कि क्या डकैती दिन के उजाले में हो सकती है? अगर प्रवृत्ति डकैती की है तो वह अंधेरे में ही होगी. हमने तय किया कि अगर उत्तर प्रदेश को भय और भ्रष्टाचार से मुक्त करना है तो उसे उजाले में लाना होगा. हम सूर्य की संतान हैं और हमें सूर्य का प्रकाश चाहिए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश की पहचान कर्फ्यू, दंगों और बिजली संकट से होती थी, जबकि अब यह त्योहारों और विकास के लिए जाना जाता है. आज उत्तर प्रदेश दंगों और कर्फ्यू के लिए नहीं, बल्कि दीपोत्सव, महाकुंभ और वैश्विक निवेश के लिए जाना जाता है.













