
Yamuna Nagar News: लिव इन पार्टनर की हत्या का खुलासा, प्रेमिका ने बेटे के साथ इस वजह से की हत्या
ABP News
Yamuna Nagar News In Hindi: यमुनानगर में लिव इन पार्टनर को दी गई खौफनाक मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है. आरोपी प्रेमिका ने बेटे के साथ मिलकर युवक का गला घोंट दिया.
यमुनानगर के अमर विहार कॉलोनी में 26 फरवरी को की गई युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. हत्यारोपी प्रेमिका और उसके बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में सामने आया कि युवक अपनी प्रेमिका के साथ अक्सर शराब के नशे में मारपीट करता था, जिससे वह परेशान थी.
इसी बीच जब प्रेमिका का बेटा वहां रहने आया तब भी युवक इसी तरह की हरकत करता रहा, जिसके चलते दोनों ने मिलकर उसकी परने से गला दबाकर हत्या कर दी और फरार हो गए. हालांकि, दोनों मां-बेटे को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है.
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला गोंडा का 27 वर्षीय गुंजन कुमार यहां अमर विहार कॉलोनी में अपनी प्रेमिका खुशबू उर्फ रीना (49 वर्षीय) के साथ किराये के मकान में रह रहा था. दोनों लगभग दो साल से साथ रह रहे थे. 26 फरवरी को युवक का शव मकान की छत पर पड़ा मिला. उसकी परने से गला दबाकर हत्या की गई थी. इसके बाद सुषमा यहां से फरार थी.
पुलिस ने जांच शुरू की तो सामने आया कि इस मकान में मृतक और सुषमा के साथ-साथ एक अन्य युवक आकाश भी रहता था. उसके बारे में उस समय किसी को ज्यादा मालूम नहीं था. जगाधरी सिटी थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया हत्यारोपित सुषमा को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके साथ रहने वाला युवक आकाश उसका बेटा है.













