
UP News: 'भविष्य में यूपी का बंटवारा...राजभर का बेटा पूर्वांचल का मुख्यमंत्री होगा', ओम प्रकाश राजभर का दावा
ABP News
UP News: कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने कहा सपा प्रमुख को 2027 में सत्ता में आने का सपना छोड़ देना चाहिए, क्योंकि सपा सरकार में ही कांशीराम नगर का नाम बदलकर कासगंज कर दिया गया था.
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया है कि उनकी पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में उत्तर प्रदेश का बंटवारा होता है तो राजभर का बेटा पूर्वांचल का मुख्यमंत्री होगा.
ओपी राजभर ने यह बात महराजगंज में आयोजित सामाजिक समरसता महारैली को संबोधित करते हुए कही. उन्होंने कहा कि वह आज जो भी बोल पा रहे हैं, वह बहुजन आंदोलन के नेता कांशीराम की देन है. कांशीराम ने शोषितों, दलितों और पिछड़े समाज को जागरूक करने का काम किया, जिसके परिणामस्वरूप मुलायम सिंह यादव और मायावती जैसे नेता उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने.
बसपा और सपा पर साधा निशाना
ओम प्रकाश राजभर ने बसपा और सपा पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि मायावती के शासनकाल में अधिकारी हनुमान चालीसा पढ़ते थे. जब कांशीराम ने अपनी पार्टी की स्थापना की, उस समय अखिलेश यादव विदेश में पढ़ाई कर रहे थे. उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख को 2027 में सत्ता में आने का सपना छोड़ देना चाहिए, क्योंकि सपा सरकार में ही कांशीराम नगर का नाम बदलकर कासगंज कर दिया गया था.













