
Rajya Sabha Election Result: राज्यसभा चुनाव में विपक्ष को तगड़ा झटका! बिहार में NDA ने जीतीं सभी 5 सीटें, ओडिशा में क्रॉस वोटिंग से हो गया बड़ा खेल
ABP News
Rajya Sabha Election Result 2026: राज्यसभा चुनाव में बिहार, ओडिशा और हरियाणा की 11 सीटों पर मतदान हुआ. बिहार में NDA ने सभी 5 सीटें जीतीं, जबकि ओडिशा में क्रॉस वोटिंग से बड़ा उलटफेर हुआ है.
राज्यसभा चुनाव में विपक्ष को बड़ा झटका लगा है. 11 राज्यसभा सीटों के लिए हुए सोमवार (16 मार्च 2026) को वोटिंग हुई थी. इस दौरान बिहार में 5, ओडिशा में 4 और हरियाणा में दो सीटों पर मतदान हुआ. बिहार और ओडिशा में विपक्षी दल अपने विधायकों को एकजुट रखने में सफल नहीं रहे, जिसका फायदा NDA को मिला. बिहार में 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में थे. इनमें 5 उम्मीदवार NDA से और एक उम्मीदवार विपक्षी गठबंधन महागठबंधन से था.
NDA ने सभी 5 सीटों पर जीत दर्ज की. जीतने वाले उम्मीदवारों में नीतीश कुमार, नितिन नबीन, रामनाथ ठाकुर, उपेन्द्र कुशवाहा और शिवेश राम शामिल हैं. राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए 41 वोट जरूरी थे. 243 सदस्यीय विधानसभा में NDA के पास 202 विधायक हैं, जिससे उसे 5 वीं सीट के लिए 3 वोट कम पड़ रहे थे. महागठबंधन के पास 35 विधायक थे और उन्हें जीत के लिए 6 अतिरिक्त वोटों की जरूरत थी.
विपक्षी उम्मीदवार A. D. सिंह को लगा झटका
AIMIM के 5 और बहुजन समाज पार्टी के एक विधायक के समर्थन के बाद विपक्षी उम्मीदवार A. D. सिंह की जीत की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन आखिरी समय में विपक्ष के 4 विधायक, जिनमें 3 कांग्रेस और 1 राजद विधायक शामिल थे वोट डालने नहीं पहुंचे. पहली वरीयता के वोटों में फैसला नहीं होने के बाद दूसरी वरीयता की गिनती हुई, जिसमें भाजपा के शिवेश राम ने जीत हासिल कर ली. इसके बाद महागठबंधन ने भाजपा पर विधायकों को डराने-धमकाने और खरीद-फरोख्त का आरोप लगाया.













