
Uttarakhand News: उत्तराखंड सरकार ने जारी की नई SOP, प्रतिदिन 2650 कमर्शियल LPG सिलेंडर देने का फैसला
ABP News
Uttarakhand News In Hindi: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा से पहले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई के लिए नई व्यवस्था की गई है. सरकार की तरफ से रोज 2650 सिलिंडर बांटने का निर्णय लिया गया है.
प्रदेश में आगामी चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए सरकार ने व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति को लेकर नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी कर दी है. इस व्यवस्था के तहत अब राज्य में प्रतिदिन 2650 कमर्शियल एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति की जाएगी, ताकि होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को गैस की कमी का सामना न करना पड़े.
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव आनंद स्वरूप की ओर से जारी एसओपी के अनुसार तेल एवं गैस आपूर्ति कंपनियां आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल राज्य में प्रतिदिन 2650 व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर उपलब्ध कराएंगी.
इन कंपनियों को प्रतिदिन आपूर्ति की जानकारी संबंधित जिलाधिकारियों को भी देनी होगी, जिससे वितरण व्यवस्था की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके. सरकार का मानना है कि यदि व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की नियमित आपूर्ति नहीं हुई तो इसका सीधा असर पर्यटन व्यवसाय पर पड़ सकता है.
खासतौर पर चारधाम यात्रा के दौरान प्रदेश में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, जिससे होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और गेस्ट हाउस में गैस की मांग काफी बढ़ जाती है. पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार राज्य में अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों की जरूरतों के अलावा पर्यटन व्यवसाय के लिए दैनिक आवश्यकता के लगभग 20 प्रतिशत कमर्शियल एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी.













