
काबुल धुआं-धुआं, PAK आर्मी की एयरस्ट्राइक पर भड़के पाकिस्तानी मंजूर पश्तीन, बोले- 'शर्म करनी चाहिए'
ABP News
Pakistani Airstrike in Kabul: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में पाकिस्तानी वायुसेना ने बीती रात पांच जगहों पर हमला किया. इस हमले में 400 नागरिकों की मौत हुई और 250 से अधिक लोग घायल हैं.
Pakistani Airstrike in Kabul: पाकिस्तान की वायुसेना ने बीती रात (16 मार्च) अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में कई जगहों पर हमला किया. इस हमले में सैकड़ों नागरिक शहीद हुए और कई लोग घायल हुए. पाकिस्तानी पश्तून मानवाधिकार कार्यकर्ता और पश्तून तहफ्फुज मूवमेंट के प्रमुख मंजूर पश्तीन ने इस हमले की कड़ी निंदा की.
'यह पाकिस्तानी हुकूमत का आतंकी हमला'
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर मंजूर पश्तीन ने लिखा कि रमज़ान की सत्रहवीं तारीख को आतंकवादी पंजाबी औपनिवेशिक ताकत (पाकिस्तान) ने काबुल के एक अस्पताल पर आतंकवादी हवाई हमला किया. इस हमले में सैकड़ों निर्दोष नागरिक शहीद हो गए और कई अन्य घायल हुए. उन्होंने कहा कि पीटीएम इस मासूम खून की आवाज़ को दुनिया के हर हिस्से तक पहुंचाने की योजना बनाएगा.
मंज़ूर पश्तीन ने यह भी लिखा कि पाकिस्तान के कुछ उलेमा ने हर दौर में काबुल को तबाह करने के फतवे दिए हैं; उन्हें कम से कम इन निर्दोष लोगों और अस्पताल में पड़े मरीजों के टुकड़े-टुकड़े हुए बेगुनाह शवों को देखकर शर्म करनी चाहिए.













