
'होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका का कंट्रोल, ईरान के 100 से ज्यादा जहाजों को डुबोया', डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा दावा
ABP News
Iran US War: डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका ने ईरान काबू पा लिया है और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बहुत अच्छी स्थिति में रखा है. उन्होंने कहा कि ईरान फिर से मिसाइल क्षमता को नहीं बढ़ा पाएगा.
मिडिल ईस्ट जंग को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार (16 मार्च 2026) को दावा किया कि ईरान की सैन्य ताकत खत्म हो चुकी है. उन्होंने कहा कि ईरान में 7000 से ज्यादा ठिकानों पर हमले किए गए हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक बार फिर कहा कि हम चाहते हैं कि चीन और जापान आकर हमारी मदद करें.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'ईरानी सरकार को समाप्त करने के लिए हमारा पावफुल सैन्य अभियान पिछले कुछ दिनों से पूरी ताकत से जारी है. उन्हें लगभग पूरी तरह से तबाह कर दिया गया है. उनकी (ईरान) वायु सेना और नौसेना खत्म हो गई है. उनके 100 से ज्यादा जहाज और कई वॉरशिप डुबा दिए गए हैं. एंटी एयरक्राफ्ट सिस्टम, उनका रडार नष्ट हो गया है और उनके नेता भी मारे गए हैं. वे 47 सालों से आतंक फैला रहे थे और अब उनके खिलाफ एक्शन लिया जा रहा है, जो कई साल पहले लेना चाहिए था.'
ईरान के 7000 से अधिक ठिकाने तबाह: ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'जंग की शुरुआत से ही हमने ईरान में 7,000 से अधिक ठिकानों पर हमले किए, जिनमें से अधिकतर कर्मिशयल और सैन्य ठिकाने थे. उनके बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च में 90 फीसदी और ड्रोन हमलों में 95 फीसदी की कमी आई है. हमने मिसाइलों और ड्रोनों के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट पर भी हमले किए हैं और यह सिलसिला आज भी जारी है. हमने आज ही उनमें से तीन पर हमला किया है.'













