
दिल्ली में अब इन यात्रियों को भी मिलेगी बस में बिना टिकट यात्रा करने की सुविधा, सरकार का बड़ा ऐलान
ABP News
Delhi News: दिल्ली सरकार ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में डीटीसी और परिवहन विभाग की सभी बसों में ट्रांसजेंडर यात्रियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का प्रस्ताव मंजूर किया.
Delhi News: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने समावेशी और संवेदनशील शासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. दिल्ली सरकार ने दिल्ली परिवहन निगम (DTC) और परिवहन विभाग द्वारा संचालित सभी बस मार्गों में ट्रांसजेंडर यात्रियों को मुफ्त यात्रा योजना में शामिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.
सरकार के इस महत्वपूर्ण निर्णय के तहत दिल्ली में निवास करने वाले पात्र ट्रांसजेंडर व्यक्ति अब DTC और क्लस्टर बसों में बिना किराया दिए सफर का लाभ उठा सकेंगे. यह सुविधा ठीक उसी तरह लागू होगी जैसे वर्तमान में दिल्ली की बसों में महिला यात्रियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की जाती है.
समावेशी और संवेदनशील दिल्ली की दिशा में कदम
यह पहल रेखा गुप्ता सरकार की सामाजिक समावेशन, गरिमा और सभी वर्गों के लिए सार्वजनिक सेवाओं तक समान पहुंच सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है. सरकार का कहना है कि इस कदम का मकसद ट्रांसजेंडर समुदाय को शहर में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है.













