
तेजस्वी यादव ने CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को दी नसीहत, 'जिन लोगों ने उनके...'
ABP News
Tejashwi Yadav on Nishant Kumar: आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर कोई युवा चाहे वो निशांत कुमार हो या कोई और, राजनीति में आना चाहे तो स्वागत है.
बिहार के सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी. तेजस्वी यादव ने कहा कि हम उनका विरोध क्यों करेंगे. खासतौर पर अगर कोई नौजवान राजनीति में आना चाहता है तो हम उनका विरोध क्यों करेंगे. हमें तो अच्छा ही लगेगा कि कोई नौजवान, चाहे वो निशांत कुमार हों या कोई गरीब, आम बेरोजगार युवा भी हों, वो भी समाज की सेवा करना चाहता है तो उनका स्वागत है.
सोमवार (16 मार्च) को पटना में राज्यसभा चुनाव के मौके पर तेजस्वी यादव ने नसीहत देते हुए कहा, "लेकिन जहां हैं वो, जिन लोगों ने उनके पिता जी को बर्बाद किया है, आज वो वहीं हैं तो उनको तो पहचानना होगा."
'बिहार में जो भी सरकार बनेगी नीतीश कुमार गाइड करेंगे', JDU ने दे दिया सीधा संदेश
आरजेडी नेता ने कहा, "हमने अपनी सहानुभूति नीतीश कुमार के प्रति जताई है. ये तो चुनाव से ही नहीं बल्कि जिस दिन महागठबंधन को छोड़कर वो फिर से 2024 में बीजेपी के साथ गए थे, तभी हमने कह दिया था कि जेडीयू का भविष्य नहीं रह सकता है. हमने पहले ही कह दिया था कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार सीएम नहीं रहेंगे. आप ये कह सकते हैं कि महाराष्ट्र में शिंदे जैसा ही काम किया लेकिन थोड़ा सा तरीका बदल दिया. एक दो महीने रहने दिया. आगे भी आप देखिएगा कि बीजेपी जिसके साथ रहती है, उसको तो बर्बाद करती है."













