
T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद शादी करने जा रहे कुलदीप यादव... मसूरी में वंशिका संग लेंगे 7 फेरे
AajTak
चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव को हालिया टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के लिए सिर्फ एक मुकाबले में भाग लेने का मौका मिला. 31 वर्षीय कुलदीप यादव अब जीवन की नई इनिंग्स की शुरुआत करने जा रहे हैं.
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव जल्द ही अपनी नई पारी का आगाज करने जा रहे हैं. कुलदीप 14 मार्च 2026 को वंशिका के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे. जानकारी के मुताबिक, शादी समारोह उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी के एक लग्जरी रिसॉर्ट में आयोजित किया जाएगा. इस खास मौके पर दोनों परिवारों के करीबी रिश्तेदार और चुनिंदा मेहमान ही शामिल होंगे.
विवाह से एक दिन पहले यानी 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में आयोजित की जाएंगी. इन पारंपरिक कार्यक्रमों में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में जश्न का माहौल रहेगा. कुलदीप यादव और वंशिका की सगाई 4 जून 2025 को लखनऊ के एक होटल में हुई थी. शुरुआत में दोनों की शादी नवंबर 2025 में तय की गई थी, लेकिन भारतीय टीम के व्यस्त क्रिकेट कैलेंडर और टी20 वर्ल्ड कप में कुलदीप के चयन होने के चलते शादी की तारीख आगे बढ़ा दी गई.
यह भी पढ़ें: अभिषेक शर्मा के लिए फाइनल में उधारी का बैट बना लकी चार्म... जड़ी रिकॉर्डतोड़ फिफ्टी
कुलदीप यादव के पिता रामसिंह यादव ने 8 मार्च (रविवार) को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें शादी और रिसेप्शन में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया. शादी के बाद 17 मार्च को लखनऊ के होटल सेंट्रम में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा.
इस समारोह में भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के अधिकारी, भारतीय क्रिकेट टीम के मौजूदा एवं पूर्व क्रिकेटर्स और अन्य मेहमानों के शामिल होने की संभावना है.
कुलदीप ने पाकिस्तान के खिलाफ खेला था मैच कुलदीप यादव आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल थे. इस टूर्नामेंट में कुलदीप ने सिर्फ एक मुकाबला खेला, जो पाकिस्तान के खिलाफ था. कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में हुए उस मुकाबले में कुलदीप ने 14 रन देकर एक विकेट लिया था.

14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल डेब्यू पर ही छक्का लगाकर सभी को चौंका दिया था. मैच से पहले राहुल द्रविड़ और संजू सैमसन ने उनसे गेम प्लान पूछा था, जिस पर उन्होंने कहा था कि अगर गेंद उनके एरिया में आई तो उसे छक्का मारेंगे. मैदान पर उन्होंने ठीक वही करके दिखाया और अपने आत्मविश्वास से सबको प्रभावित किया.

नई दिल्ली में आयोजित नमन अवॉर्ड्स 2026 में शुभमन गिल और स्मृति मंधाना को साल के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर का सम्मान मिला. गिल को पुरुष वर्ग में पॉली उमरीगर अवॉर्ड मिला, जबकि मंधाना को महिला वर्ग में बीसीसीआई का बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर चुना गया. 2025 में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया.

जय शाह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर कहा कि कोई भी टीम आईसीसी से बड़ी नहीं है. टूर्नामेंट से पहले बांग्लादेश के हटने और पाकिस्तान के बहिष्कार की धमकी जैसी कई विवादित स्थितियां थीं, लेकिन इसके बावजूद टूर्नामेंट सफल रहा और भारत ने खिताब जीता. शाह ने बताया कि वर्ल्ड कप ने व्यूअरशिप के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए.

IPL 2026 से पहले पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया है. उथप्पा का मानना है कि इस सीजन में सूर्यवंशी के लिए चुनौती बढ़ेगी क्योंकि अब विरोधी टीमें उनके खेल को समझ चुकी हैं. हालांकि उन्होंने कहा कि यह सीजन युवा बल्लेबाज के लिए सीखने वाला होगा.

संजू सैमसन ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026 में मजाकिया अंदाज में कहा कि अभिषेक शर्मा की लोकप्रियता इतनी बढ़ गई है कि कभी-कभी भारतीय टीम के बाकी खिलाड़ियों को भी जलन होने लगती है. उन्होंने यह भी कहा कि अभिषेक अब टीम के सुपरस्टार बन चुके हैं. वहीं अभिषेक शर्मा ने कहा कि उनका सपना भारत के लिए सभी फॉर्मेट खेलना है.








