
T-20 वर्ल्डकप ट्रॉफी हनुमान मंदिर में लाई गई तो भड़के TMC सांसद कीर्ति आजाद, कहा- शेम ऑन टीम इंडिया
ABP News
भारत के विश्वकप जीतने पर एक तरफ जश्न मनाया जा रहा है तो पूर्व क्रिकेटर और नेता कीर्ति आजाद के एक सोशल मीडिया पोस्ट से बवाल खड़ा हो गया. आजाद ने जय शाह और कप्तान सूर्यकुमार यादव को आड़े हाथ लिया है.
न्यूजीलैंड को हराकर भारतीय टीम ने आईसीसी टी20 विश्वकप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है. टीम इंडिया इकलौती टीम बनी है, जिसने बैक टू बैक दो बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है. देश में एकतरफ भारत की इस धमाकेदार जीत पर जश्न मनाया जा रहा है तो वहीं पूर्व क्रिकेटर और नेता कीर्ति आजाद के एक सोशल मीडिया पोस्ट से बवाल खड़ा हो गया. आजाद ने आईसीसी चेयरमैन जय शाह और टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव को आड़े हाथ लिया है.
दरअसल, वर्ल्डकप जीतने के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव, कोच गौतम गंभीर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह अहमदाबाद के हनुमान मंदिर पहुंचे थे. जहां सूर्या आईसीसी टी20 वर्ल्डकप ट्रॉफी लिए दर्शन करने आते हैं. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. अब इस पर कीर्ति आजाद ने निशाना साधा है.
क्या बोले कीर्ति आजाद?
कीर्ति आजाद ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, टीम इंडिया पर शर्म आती है! जब हमने 1983 में कपिल देव की कप्तानी में विश्व कप जीता था, तब हमारी टीम में हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई खिलाड़ी थे. हम ट्रॉफी को अपनी धार्मिक जन्मभूमि, अपनी मातृभूमि भारत (हिंदुस्तान) में लेकर आए थे. भारतीय क्रिकेट ट्रॉफी को क्यों घसीटा जा रहा है? मस्जिद क्यों नहीं? चर्च क्यों नहीं? गुरुद्वारा क्यों नहीं? यह टीम भारत का प्रतिनिधित्व करती है - सूर्यकुमार यादव या जय शाह के परिवार का नहीं! सिराज ने कभी ट्रॉफी को मस्जिद में नहीं ले गए। संजू ने कभी इसे चर्च में नहीं ले गए. संजू ने इसमें अहम भूमिका निभाई थी और वह टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी थे. यह ट्रॉफी हर धर्म के 14 लाख भारतीयों की है - किसी एक धर्म की जीत का जश्न मनाने की जगह नहीं!'













