
LPG की किल्लत के बीच तिरुवनंतपुरम में होटल से चोरी हुआ गैस सिलेंडर
AajTak
देश में एलपीजी की किल्लत के बीच केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां व्यस्त चाला मार्केट इलाके में स्थित एक होटल से देर रात कमर्शियल गैस सिलेंडर चोरी कर लिया गया. चोर ने होटल की रसोई का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सीसीटीवी कैमरे को निष्क्रिय करने की कोशिश भी की.
इजरायल, अमेरिका और ईरान में युद्ध के बीच देश में एलपीजी गैस की कमी देखने को मिल रही है. ऐसे में केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां शहर के व्यस्त चाला मार्केट इलाके में स्थित एक होटल से देर रात कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर चोरी कर लिया गया. गैस की पहले से चल रही किल्लत के बीच इस घटना ने होटल मालिक की परेशानी और बढ़ा दी है.
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे की बताई जा रही है. चाला मार्केट में स्थित वीएस होटल की रसोई से 19 किलो का भरा हुआ कमर्शियल गैस सिलेंडर चोरी कर लिया गया. होटल के मालिक विमल कुमार ने बताया कि आरोपी ने रसोई के दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया. इसके बाद उसने सबसे पहले बिजली का कनेक्शन बंद करने की कोशिश की, ताकि वहां लगे सीसीटीवी कैमरे काम न करें.
हालांकि, होटल में लगा कैमरा यूपीएस से जुड़ा हुआ था, इसलिए बिजली बंद होने के बाद भी रिकॉर्डिंग जारी रही. कैमरे को चालू देखकर आरोपी ने उसकी दिशा बदल दी, ताकि उसकी पहचान न हो सके. इसके बावजूद कैमरे में कुछ गतिविधियां कैद हो गई हैं.
होटल मालिक के अनुसार रसोई में उस समय तीन सिलेंडर रखे हुए थे. उनमें से दो सिलेंडर इस्तेमाल में थे, जबकि एक सिलेंडर भरा हुआ रखा था. आरोपी उसी भरे हुए सिलेंडर को लेकर फरार हो गया.
गैस की कमी के कारण होटल का कामकाज पहले ही प्रभावित हो रहा था. चोरी की घटना के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है. विमल कुमार ने बताया कि शुक्रवार को सीमित गैस स्टॉक के कारण होटल में सिर्फ बिरयानी ही बनाई जा सकी. लेकिन अब नया सिलेंडर उपलब्ध न होने की वजह से शनिवार से होटल को बंद करने का फैसला लिया गया है.
होटल मालिक ने इस मामले की शिकायत फोर्ट थाने में दर्ज कराई है और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दी है. उन्होंने आशंका जताई है कि इस घटना के पीछे किसी राइवल होटल का हाथ हो सकता है, हालांकि उन्होंने कहा कि इस बारे में अंतिम निर्णय पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा.

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव अब पूर्ण सैन्य संघर्ष की ओर बढ़ता दिख रहा है. पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में किए गए देर रात के हवाई हमलों के जवाब में तालिबान और 'अफगान डिफेंस फोर्सेज' ने बड़े पैमाने पर जवाबी कार्रवाई (Counter-Attack) शुरू कर दी है. ताजा रिपोर्टों के अनुसार, अफगान सेना ने पाकिस्तान के कई शहरों को निशाना बनाकर ड्रोन हमले किए हैं.

गुजरात के राजकोट में एक रिटायर्ड टीचर को हनीट्रैप में फंसाकर 12 लाख की उगाही करने वाला गिरोह पकड़ा गया है. जमीन दिखाने के बहाने टीचर को होटल ले जाया गया, जहां अचानक एक महिला बिना कपड़ों के सामने आ गई. फिर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी गई. गैंग ने पहले 40 लाख रुपये की मांग की, बाद में 12 लाख रुपये लेकर भी धमकाते रहे.











