
Fortuner या MG Majestor: साइज और पावर में कौन-सी SUV है ज्यादा दमदार? खरीदने से पहले जानें अंतर
ABP News
MG Majestor के आने से थ्री-रो SUV सेगमेंट में मुकाबला और तेज हो गया है. आइए साइज, इंजन पावर और सेफ्टी फीचर्स के आधार पर जानते हैं कि कौन-सी SUV ज्यादा दमदार है.
MG Majestor को हाल ही में भारत में कंपनी की नई फ्लैगशिप SUV के रूप में पेश किया गया है. ये MG Gloster की जगह ले रही है और इसकी लॉन्चिंग अप्रैल 2026 में तय है. डिलीवरी मई से शुरू होने की उम्मीद है. यह प्रीमियम थ्री-रो SUV सीधे तौर पर Toyota Fortuner और Fortuner Legender को टक्कर देगी. Toyota Fortuner पहले से ही इस बड़े SUV सेगमेंट में मजबूत पकड़ बनाए हुए है. अब MG Majestor दमदार लुक, बड़े साइज और नए फीचर्स के साथ मुकाबले में उतर रही है. आइए जानते हैं कि कौन-सी SUV ज्यादा बड़ी और दमदार है.
अगर साइज की बात करें तो MG Majestor, Toyota Fortuner से काफी बड़ी है. Majestor, Fortuner से 251 मिमी लंबी, 161 मिमी चौड़ी और 41 मिमी ऊंची है. इसका व्हीलबेस भी 205 मिमी ज्यादा लंबा है. इसका मतलब साफ है कि Majestor का केबिन ज्यादा बड़ा होगा और 3rd Row में बैठने वालों को ज्यादा जगह मिल सकती है. सड़क पर भी इसका रोड प्रेजेंस ज्यादा मजबूत और भारी दिख सकता है. साइज के मामले में MG Majestor साफ तौर पर आगे नजर आती है.
MG Majestor में 2.0-लीटर ट्विन-टर्बो डीजल इंजन दिया गया है, जो 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आता है. यह इंजन लगभग 215 से 218 bhp की पावर और करीब 478 से 480 Nm का टॉर्क देता है. वहीं Toyota Fortuner में 2.7-लीटर पेट्रोल इंजन मिलता है, जो मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है. इसका 2.8-लीटर डीजल इंजन (ऑटोमैटिक वर्जन में) लगभग 201 bhp की पावर और 500 Nm टॉर्क देता है . पावर के मामले में MG Majestor थोड़ा आगे दिखती है, लेकिन टॉर्क के मामले में Fortuner का डीजल इंजन ज्यादा पावर देता है. दोनों SUV मजबूत ऑफ-रोडिंग क्षमता के साथ आती हैं.
Toyota Fortuner में 7 एयरबैग, ईएससी, ट्रैक्शन कंट्रोल, हिल असिस्ट, डाउनहिल असिस्ट, डिफरेंशियल लॉक और पार्किंग सेंसर जैसे जरूरी सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं. दूसरी ओर MG Majestor में ADAS लेवल 2 सिस्टम दिया गया है. इसमें लेन कीपिंग असिस्ट, एडैप्टिव क्रूज कंट्रोल और ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग जैसी मॉडर्न सुविधाएं मिलती हैं. नई तकनीक के मामले में Majestor ज्यादा एडवांस लगती है.













