
अपडेटेड लुक के साथ लौटेगी Royal Enfield Continental GT 650, जानें कब तक होगी लॉन्च
ABP News
Royal Enfield अपनी Continental GT 650 का नया अपडेटेड मॉडल 2026 के अंत तक लॉन्च कर सकती है. आइए इसके नए फीचर्स, कीमत और खासियत की पूरी डिटेल्स जानते हैं.
Royal Enfield अपनी मशहूर बाइक Continental GT 650 का नया अपडेट लाने की तैयारी कर रही है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी इस बाइक का मिड-लाइफ अपडेटेड मॉडल 2026 के अंत तक भारत में लॉन्च कर सकती है. हाल ही में कंपनी ने EICMA 2025 और Motoverse 2025 में रेस-स्पेक Continental GT-R 750 को भी दिखाया था. हालांकि 750cc मॉडल आने के बाद भी कंपनी 650 मॉडल को बंद नहीं करेगी. दोनों बाइक्स को साथ में बेचा जाएगा.
नई Continental GT 650 में डिजाइन को और ताजा लुक देने की कोशिश की जाएगी. उम्मीद है कि इसमें नए कलर ऑप्शन जोड़े जाएंगे, जिससे यह पहले से ज्यादा अट्रैक्टिव लगेगी. कंपनी बाइक की पहचान वाली कैफे-रेसर स्टाइल को बरकरार रखेगी, लेकिन उसमें हल्के बदलाव करके इसे और प्रीमियम बनाया जाएगा. इससे यह युवा राइडर्स को और ज्यादा पसंद आ सकती है.
अपडेटेड मॉडल में मैकेनिकल बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं. मौजूदा टेलिस्कोपिक फ्रंट फोर्क और ड्यूल रियर शॉक एब्जॉर्बर की जगह ज्यादा बेहतर और प्रीमियम सस्पेंशन दिए जा सकते हैं. इसके अलावा आगे की तरफ ट्विन-डिस्क ब्रेक सिस्टम मिलने की भी संभावना है. इससे बाइक की ब्रेकिंग और कंट्रोल पहले से बेहतर हो सकता है. इन बदलावों का सीधा असर राइड क्वालिटी पर पड़ेगा और लंबी दूरी की यात्रा में ज्यादा आराम मिलेगा.
अभी Continental GT 650 की कीमत 3.50 लाख रुपये से 3.78 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है. नए अपडेट के साथ इसकी कीमत थोड़ी बढ़ सकती है, क्योंकि इसमें बेहतर फीचर्स और प्रीमियम पार्ट्स जोड़े जाएंगे. यह बाइक कंपनी की लाइनअप में Interceptor 650 और Classic 650 के बीच रखी गई है. भारत के साथ-साथ विदेशों में भी यह कंपनी की लोकप्रिय ट्विन-सिलेंडर बाइक है.













