
यूपी बोर्ड 10वीं-12वीं परीक्षा से पहले फर्जी प्रश्न पत्र वायरल, बोर्ड ने जारी किया कड़ा नोटिस
ABP News
परीक्षा से ठीक पहले इस तरह की सूचनाएं सामने आना स्वाभाविक रूप से चिंता बढ़ाता है. ऐसे माहौल में यूपी बोर्ड की मीडिया सेल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्थिति स्पष्ट की है.
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं बुधवार 18 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं. लाखों परीक्षार्थी इस अहम परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं. इसी बीच सोशल मीडिया पर कथित प्रश्न पत्र वायरल होने की खबर ने छात्रों और अभिभावकों के बीच हलचल पैदा कर दी है. परीक्षा से ठीक पहले इस तरह की सूचनाएं सामने आना स्वाभाविक रूप से चिंता बढ़ाता है. ऐसे माहौल में यूपी बोर्ड की मीडिया सेल ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्थिति स्पष्ट की है और वायरल प्रश्न पत्र को पूरी तरह फर्जी करार दिया है.
यूपी बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे प्रश्न पत्र वास्तविक नहीं हैं. बोर्ड की मीडिया सेल ने वायरल सामग्री का संज्ञान लिया और स्पष्ट किया कि यह कृत्य असामाजिक तत्वों द्वारा परीक्षार्थियों को गुमराह करने और बोर्ड परीक्षा के संबंध में अफवाह फैलाने के उद्देश्य से किया गया है.
यूपी बोर्ड ने साफ कहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी प्रश्न पत्र का वास्तविक परीक्षा से कोई संबंध नहीं है. बोर्ड के मुताबिक यह स्थिति नितांत असत्य, निराधार और शरारतपूर्ण है. इसे छात्रों और अभिभावकों को भ्रमित करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है.
बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर कतई ध्यान न दें. केवल यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें. बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आधिकारिक सूचना के अलावा किसी भी अनधिकृत स्रोत से प्राप्त सामग्री पर भरोसा करना उचित नहीं है.













