
Bihar Politics: बीजेपी मानेगी बात या नीतीश कुमार रह जाएंगे खाली हाथ? JDU ने अभी से कर दी बड़ी डिमांड
ABP News
Bihar News In Hindi: बिहार में नई सरकार गठन पर NDA में चर्चा जारी है, JDU विधानसभा अध्यक्ष पद मांग रही है, जो अभी BJP के प्रेम कुमार के पास है. अध्यक्ष के पास निर्णय लेने की असाधारण शक्तियां होती हैं.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन भरते ही बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में चर्चा शुरू हो गई है. बीजेपी और जनता दल यूनाइटेड के बीच अभी नई सरकार को लेकर कोई स्थिति साफ नहीं हुई है. इसी बीच खबरें आ रही हैं कि JDU ने बिहार विधानसभा के अध्यक्ष पद की मांग कर दी है.
अभी यह पद BJP के नौ बार के विधायक प्रेम कुमार के पास है. सवाल उठता है कि ऐसी कौन सी शक्तियां है जो विधानसभा के अध्यक्ष की स्थिति को मजबूत करती है. और क्यों गठबंधन के दोनों दल इस पद को अपनी पार्टी के लिए चाहते हैं.
प्रेम कुमार गया नगर विधानसभा क्षेत्र से नौ बार के विधायक हैं. 2015 के विधानसभा चुनाव में जब नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव ने लंबे समय बाद एक बार फिर गठबंधन किया था तब JDU-RJD गठबंधन की जीत में BJP को हार का सामना करना पड़ा था और उस दौरान प्रेम कुमार बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता भी रहे. 1 दिसंबर 2025 को हुए नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव के बाद प्रेम कुमार सर्वसम्मति से बिहार विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए. अब JDU चाहती है कि यह पद उनकी पार्टी के पास आ जाए.
विधानसभा का अध्यक्ष केवल सभा की अध्यक्षता नहीं करता. कौन सदस्य कब बोलेगा, कितना बोलेगा, चर्चा में उसे कितना समय मिलेगा और कोई बिल सदन में पेश करने की अनुमति तक विधानसभा का अध्यक्ष देता है. अनुशासन बनाए रखने की शक्तियां भी उसके पास होती हैं. इसके अलावा विधानसभा में होने वाली किसी भी चर्चा पर अंतिम निर्णय विधानसभा अध्यक्ष का होता है.













