
9 घंटे इंतजार के बाद फ्लाइट में बेहोश हुईं नीलम कोठारी, नहीं मिली मेडिकल सुविधा, लापरवाही पर फूटा गुस्सा
AajTak
टोरंटो-मुंबई फ्लाइट के दौरान नीलम कोठारी की तबीयत बिगड़ गई थी लेकिन एयरलाइन स्टाफ ने कोई मदद नहीं की. एक्ट्रेस ने बताया कि फ्लाइट 9 घंटे की देरी से निकली, इस वजह से उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ी. मेडिकल इमरजेंसी में लापरवाही को लेकर नीलम ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जताई.
नीलम कोठारी ने हाल ही में टोरंटो से मुंबई की फ्लाइट में अपने साथ हुए एक परेशान करने वाले अनुभव के बारे में बताया. उनका कहना है कि फ्लाइट में उन्हें चक्कर आने लगे और बेहोशी जैसा महसूस हुआ, लेकिन एयरलाइन स्टाफ ने कोई ध्यान नहीं दिया. इस पर वो भड़क गई और मेडिकल हालत के बाद भी किसी तरह की मदद न मिलने पर नाराजगी जताई.
नीलम की बिगड़ी थी हालत!
नीलम ने सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए एयरलाइन की लापरवाही पर बात की. एक्ट्रेस ने बताया कि उन्हें 9 घंटे तक इंतजार करना पड़ा था.
नीलम ने X पर लिखा- डियर एतिहाद, टोरंटो से मुंबई की मेरी हाल की फ्लाइट में मुझे मिला व्यवहार बेहद निराशाजनक रहा. फ्लाइट 9 घंटे से ज्यादा लेट थी, और ऊपर से फ्लाइट में खाना खाने के बाद मेरी तबियत इतनी खराब हो गई कि मैं बेहोश हो गई. एक को-पैसेंजर ने मुझे मेरी सीट तक पहुंचाया, लेकिन आपकी क्रू टीम ने न कोई फॉलो-अप किया और न ही एक बार आकर मेरी हालत के बारे में पूछा. मैंने कस्टमर सर्विस से भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इस तरह की लापरवाही बिल्कुल अस्वीकार्य है. कृपया इस मामले पर तुरंत ध्यान दें.
यूजर्स ने उठाए सवाल
नीलम की नाराजगी भरा पोस्ट पढ़ने के बाद एतिहाद एयरवेज ने भी जवाब दिया और डीएम में बात करने को कहा. नीलम की इस पोस्ट पर यूजर्स भी अपना रिएक्शन दे रहे हैं. जहां कई उन्हें सपोर्ट कर रहे हैं वहीं कुछ उनपर ही सवाल उठा रहे हैं. ऐसे ही एक यूजर को रिप्लाई देते हुए नीलम ने लिखा- अगर ये आपके साथ होता या आपके किसी अपने के साथ होता, तो शायद आप इतनी हल्का कमेंट न करते.













