
हैदराबाद में मौसम विभाग को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल मिलते ही मचा हड़कंप
ABP News
हैदराबाद के बेगमपेट स्थित मौसम विभाग को बम से उड़ाने की धमकी मिली. पुलिस और बम स्क्वॉड की टीमें मौके पर मौजूद हैं और पूरे क्षेत्र की गहन जांच कर रही हैं.
हैदराबाद के बेगमपेट स्थित मौसम विभाग में उस समय हड़कंप मच गया, जब शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे एक धमकी भरा ई-मेल मिला. जिसमें दावा किया गया कि कार्यालय परिसर में 14 बम लगाए गए हैं जो दोपहर तक विस्फोट कर सकते हैं. इस सूचना के मिलते ही अधिकारियों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और पूरे परिसर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया.
मौसम विभाग के अधिकारी श्रीनिवास ने बताया कि सुबह जब ई-मेल की जांच की गई तो उसमें स्पष्ट रूप से लिखा था, “Bomb threat to Begumpet Weather Office. Unknown persons sent an email claiming that 14 bombs have been planted and they will explode by afternoon.” इस संदेश को गंभीरता से लेते हुए तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया.
बारीकी से जांच की गईसूचना मिलते ही पुलिस की टीमें, बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंच गई और पूरे कार्यालय परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी गई. बम स्क्वॉड ने सबसे पहले मुख्य भवन की जांच की. अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से हर कमरे, कॉरिडोर और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच की गई.
तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर में मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी. कुछ समय के लिए कार्यालय के कुछ हिस्सों में आवाजाही भी सीमित कर दी गई ताकि जांच प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी की जा सके.













