
'हम कभी सरेंडर नहीं करेंगे...', ओवल टेस्ट में टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बाद गौतम गंभीर का रिएक्शन VIRAL
AajTak
गौतम गंभीर ने ओवल टेस्ट मैच में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद दिल छूने वाला रिएक्शन दिया है. गंभीर इस पूरी सीरीज के दौरान एक स्पेशलिस्ट बॉलर की जगह एक अतिरिक्त बल्लेबाज को खिलाने की रणनीति पर अडिग रहे, जिसके चलते उनपर सवाल खड़े हुए.
भारतीय टीम को इंग्लैंड के खिलाफ ओवल क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए टेस्ट मैच में 6 रनों से जीत मिली. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने पांच मैचों की सीरीज को 2-2 से ड्रॉ करा लिया. मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 374 रनों का टारगेट दिया था, जिसका पीछा करते हुए इंग्लिश टीम 367 के स्कोर पर पैक हो गई.
ओवल टेस्ट मैच में मिली यादगार जीत के बाद टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने अपनी टीम की तारीफ की है. गंभीर का मानना है कि हार या जीत तो चलता रहता है, लेकिन उनकी टीम कभी घुटने नहीं टेक सकती. गंभीर ने X पर लिखा, 'हम कुछ जीतेंगे, कुछ हारेंगे. लेकिन हम कभी सरेंडर नहीं करेंगे. शाबाश लड़कों.'
गौतम गंभीर इस पूरी सीरीज के दौरान एक स्पेशलिस्ट बॉलर की जगह एक अतिरिक्त बल्लेबाज को खिलाने की अपनी रणनीति पर अडिग रहे, जिसके चलते उनपर सवाल खड़े हुए. कुछ क्रिकेट विशेषज्ञों ने भी इसे गलत बताया, लेकिन गंभीर को कोई फर्क नहीं पड़ा. कप्तान शुभमन गिल ने ओवल टेस्ट में मिली जीत के बाद अपने कोच का खुलकर समर्थन किया.
शुभमन गिल ने गौतम गंभीर को लेकर क्या कहा? शुभमन गिल ने सोनी स्पोर्ट्स से कहा, "इस सीरीज से पहले गौती भाई ने कहा था कि हम एक युवा टीम हैं, लेकिन हमें खुद को युवा टीम की तरह नहीं, एक शक्तिशाली टीम की तरह देखना है. आज हमने दिखा दिया कि हम वाकई में एक शक्तिशाली टीम हैं, जिसमें बहुत संभावनाएं हैं.'
374 रन के टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड का स्कोर एक समय तीन विकेट पर 301 रन था. तब हैरी ब्रूक और जो रूट के बीच 195 रनों की साझेदारी हो चुकी थी. ऐसा लग रहा था कि मैच उनके कब्जे में है. लेकिन इसके बाद प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज की जोड़ी ने इंग्लिश टीम की कमर तोड़ दी. इंग्लैंड की दूसरी पारी में मोहम्मद सिराज ने पांच और प्रसिद्ध कृष्णा ने चार विकेट चटकाए.
भारत ने इस मैच में अपनी पहली पारी में सिर्फ 224 रन बनाए थे, जिसके जवाब में इंग्लैंड की ओपनिंग जोड़ी बेन डकेट और जैक क्राउली ने मिलकर अपनी टीम को तगड़ी शुरुआत दी. पहली पारी में इंग्लैंड का स्कोर एक समय 109/1 था, लेकिन फिर मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने कमाल दिखाया और इंग्लैंड 247 रन ही बना सका. यानी पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड को सिर्फ 23 रनों की बढ़त मिली.

एक समय था जब बिहार से आईपीएल में खिलाड़ियों की मौजूदगी गिनी-चुनी होती थी. लेकिन आज 7 खिलाड़ियों का इस लीग में होना राज्य के क्रिकेट इकोसिस्टम में आए बदलाव का संकेत है. यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि उस बदलाव की कहानी है जहां कभी संसाधनों की कमी से जूझने वाला राज्य अब भारतीय क्रिकेट की मुख्यधारा में अपनी जगह बना रहा है.












