
लखनऊ में कोहरे की वजह से रद्द हुआ था IND vs SA टी20 मैच, अब टिकट के पैसे होंगे वापस
AajTak
यह मुकाबला बुधवार शाम 7 बजे शुरू होना था, लेकिन स्टेडियम में खराब दृश्यता के कारण टॉस भी नहीं हो सका. UPCA ने गुरुवार को आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि मैच के सभी टिकट धारकों को टिकट की पूरी राशि वापस की जाएगी.
लखनऊ के एकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाने वाला चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला घने कोहरे और स्मॉग के कारण रद्द होने के बाद उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) ने दर्शकों को बड़ी राहत दी है. UPCA ने गुरुवार को आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि मैच के सभी टिकट धारकों को टिकट की पूरी राशि वापस की जाएगी.
दरअसल, यह मुकाबला बुधवार शाम 7 बजे शुरू होना था, लेकिन स्टेडियम में खराब दृश्यता के कारण टॉस भी नहीं हो सका. अंपायरों द्वारा छह बार निरीक्षण किए जाने के बावजूद हालात में सुधार नहीं हुआ और रात करीब 9:30 बजे मैच को रद्द घोषित कर दिया गया. एकाना स्टेडियम घने स्मॉग की चपेट में रहा, जिससे खिलाड़ियों और अंपायरों की सुरक्षा को देखते हुए खेल संभव नहीं हो सका.
ईमेल पर भेजी जाएगी रिफंड संबंधित जानकारी
UPCA के मानद सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने जारी बयान में कहा कि दर्शकों की असुविधा को ध्यान में रखते हुए टिकट की पूरी राशि लौटाने का फैसला किया गया है. उन्होंने कहा कि जिन दर्शकों ने ऑनलाइन माध्यम से टिकट खरीदे हैं, उन्हें किसी तरह की अतिरिक्त प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा. ऐसे सभी दर्शकों को टिकट की राशि उनके मूल भुगतान माध्यम (ऑनलाइन पेमेंट मोड) में स्वतः वापस कर दी जाएगी. रिफंड से जुड़ी जानकारी पंजीकृत ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी और दर्शकों से नियमित रूप से ईमेल चेक करने की अपील की गई है.
ऑफलाइन टिकट खरीदने वालों को करना होगा ये काम
वहीं, ऑफलाइन टिकट खरीदने वाले दर्शकों के लिए UPCA ने अलग व्यवस्था की है. ऐसे दर्शक 20, 21 और 22 दिसंबर 2025 को सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक एकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ के गेट नंबर 2 स्थित बॉक्स ऑफिस पर बनाए गए विशेष रिफंड काउंटर से अपनी राशि प्राप्त कर सकेंगे.

एक समय था जब बिहार से आईपीएल में खिलाड़ियों की मौजूदगी गिनी-चुनी होती थी. लेकिन आज 7 खिलाड़ियों का इस लीग में होना राज्य के क्रिकेट इकोसिस्टम में आए बदलाव का संकेत है. यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि उस बदलाव की कहानी है जहां कभी संसाधनों की कमी से जूझने वाला राज्य अब भारतीय क्रिकेट की मुख्यधारा में अपनी जगह बना रहा है.












