
कप्तान सूर्या पांचवें टी20 में करेंगे बड़े बदलाव... संजू सैमसन की एंट्री तय! साउथ अफ्रीका का कैसा होगा कॉम्बिनेशन
AajTak
शुभमन गिल का चोट के कारण अहमदाबाद मैच में खेलना मुश्किल है. गिल के स्थान पर विकेटकीप बैटर संजू सैमसन की प्लेइंग-11 में एंट्री हो सकती है. इसके अलावा भारतीय कप्तान सूर्या 2 और बदलाव कर सकते हैं.
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला 19 दिसंबर (शुक्रवार) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना है. इस मुकाबले में भारतीय टीम की सूर्यकुमार यादव करेंगे, वहीं एडेन मार्करम साउथ अफ्रीकी टीम के कप्तान हैं. मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा.
भारतीय टीम पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 से आगे है. इस मैच को जीतकर वो सीरीज अपने नाम करना चाहेगी. वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम के पास 6 टी20 मैच बचे हैं, ऐसे में हर मुकाबला अहम है. दूसरी ओर साउथ अफ्रीकी टीम सीरीज तो नहीं जीत सकती, लेकिन वो सीरीज को बराबरी करने की पूरी कोशिश करेगी.
इस मुकाबले के लिए भारत की प्लेइंग-11 में कुछ बदलाव हो सकते हैं. लखनऊ में खेला गया चौथा टी20 मैच घने कोहरे के कारण बिना टॉस के रद्द हो गया था. उस मुकाबले के लिए उप-कप्तान शुभमन गिल अनुपलब्ध थे क्योंकि उन्हें पैर में चोट लग गई थी. शुभमन के लिए यह बड़ा झटका है क्योंकि वह हाल ही में गर्दन की चोट से उबरकर टीम में लौटे थे. चौथे और पांचवें टी20 के बीच केवल एक दिन का अंतर होने के चलते शुभमन आखिरी मुकाबले में शायद ही खेल सकेंगे.
भारतीय प्लेइंग-11 में तीन बदलाव संभव शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है. सबसे अहम बात यह है कि वह ओपनर की भूमिका में वापसी कर सकते हैं, जहां उन्होंने टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा सफलता हासिल की है. अब तक इस सीरीज में संजू सैमसन को बेंच पर ही बैठना पड़ा है.
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह तीसरे टी20 मैच में व्यक्तिगत कारणों से नहीं खेल पाए थे. हालांकि बुमराह टीम के साथ दोबारा जुड़ चुके हैं और वो लखनऊ में भारतीय खिलाड़ियों के साथ ट्रेनिंग करते दिखे थे. अब बुमराह की आखिरी टी20 मैच के लिए प्लेइंग-11 में वापसी हो सकती है. बुमराह के मैच खेलने पर हर्षित राणा को बाहर बैठना पड़ेगा. साथ ही कुलदीप यादव की जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिल सकता है.
साउथ अफ्रीका की व्हाइट-बॉल प्लेइंग इलेवन में होने वाले बदलावों को समझना हमेशा से ही मुश्किल रहा है और उससे भी ज्यादा मुश्किल यह अंदाजा लगाना होता है कि ये बदलाव क्यों किए जाते हैं. अहमदाबाद में होने वाला मुकाबला भी इससे अलग नहीं होगा, जहां साउथ अफ्रीका एक बार फिर अपनी टीम में चौंकाने वाले परिवर्तन कर सकता है.













