
'एपस्टीन से तीन या चार बार हुई थी मुलाक़ात' राहुल के आरोपों के बाद बोले हरदीप पुरी, कांग्रेस ने पूछे छह सवाल
BBC
राहुल गांधी ने लोकसभा में सरकार को कई मुद्दों पर घेरा. उन्होंने भारत-अमेरिका ट्रेड डील से लेकर एपस्टीन फ़ाइल तक चर्चा की. सत्ता पक्ष ने आरोपों को निराधार बताया और कहा कि गांधी के भाषण की ग़लत बातों को कार्यवाही से हटा दिया जाएगा.
एक लंबे गतिरोध के बाद बुधवार को लोकसभा में बजट पर बोलते हुए विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अमेरिका और भारत की ट्रेड डील पर मोदी सरकार पर कई आरोप लगाए.
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के सामने पूरी तरह 'आत्मसमर्पण ' कर दिया है.
राहुल गांधी जेफ़री एपस्टीन फ़ाइल्स,अनिल अंबानी और अदानी से जुड़े मामलों पर बोले. उन्होंने अनिल अंबानी और केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी पर भी आरोप लगाए.
राहुल गांधी की ओर से इन मुद्दों को उठाने के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच तनाव देखने को मिला.
हरदीप पुरी ने कहा कि एपस्टीन से उनकी मुलाकात केवल "कुछ मौकों पर, वह भी एक प्रतिनिधिमंडल के हिस्से के तौर पर हुई थी और उनके साथ सिर्फ एक ईमेल का आदान-प्रदान हुआ था.''
वहीं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी 'निराधार आरोप' लगा रहे हैं. रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी के भाषण की 'ग़लत बातों को कार्यवाही से हटा दिया जाएगा.'
राहुल गांधी के इस भाषण से पहले विपक्ष इस बात का विरोध कर रहा था कि उनके नेता को पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे के अप्रकाशित संस्मरण का उल्लेख करने के बाद बोलने नहीं दिया गया.













